Manu Bhakar : भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैराएथलीट प्रवीण कुमार को मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है। हरमनप्रीत ने पेरिस ओलंपिक में टीम को कांस्य पदक दिलाया, जबकि प्रवीण ने पेरिस पैरालंपिक्स में हाई जंप T64 श्रेणी में एशियाई रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मेडल जीता। हालांकि, इस सूची में स्टार शूटर मनु भाकर का नाम नहीं होना हैरान करने वाला है, जिन्होंने पेरिस ओलंपिक में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया था।
क्या Manu Bhakar ने पुरस्कार के लिए आवेदन किया था?
मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में दो ब्रॉन्ज मेडल जीतकर एक ही ओलंपिक में कई पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला शूटर का रिकॉर्ड बनाया। इसके बावजूद, खेल रत्न पुरस्कार के लिए उनका नाम नामांकित नहीं किया गया। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, खेल मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि मनु ने इस पुरस्कार के लिए आवेदन नहीं किया था। हालांकि, उनके परिवार से जुड़े सूत्रों ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि मनु ने आवेदन किया था।
विशेषज्ञों का मानना है कि भले ही मनु ने आवेदन नहीं किया हो, उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए मंत्रालय को उनका नाम सूची में शामिल करना चाहिए था। ऐसा पहले भी देखा गया है, जब 2023 में भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी ने अर्जुन पुरस्कार के लिए आवेदन नहीं किया था, लेकिन बीसीसीआई के अनुरोध पर उन्हें यह सम्मान दिया गया। मनु को 2020 में अर्जुन पुरस्कार मिल चुका है, लेकिन ऐसा लगता है कि खेल रत्न पाने के लिए उन्हें और बड़ी उपलब्धियां हासिल करनी होंगी।
मनु भाकर का हटाया गया ट्वीट
पेरिस ओलंपिक के बाद मनु ने खेल रत्न पुरस्कार को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था। उन्होंने लिखा था, “क्या मैं मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार की हकदार हूं? धन्यवाद।” हालांकि, यह ट्वीट बाद में हटा दिया गया। माना जा रहा है कि यह पोस्ट उच्च अधिकारियों को नापसंद हो सकती थी।
इस साल अर्जुन पुरस्कार के लिए 30 खिलाड़ियों के नाम सुझाए गए हैं। इनमें पेरिस ओलंपिक और हांगझोउ एशियाई खेलों में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले पहलवान अमन सेहरावत और शूटर स्वप्निल कुसाले और सरबजोत सिंह का नाम भी शामिल है।