BRICS Summit 2026: राजधानी दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मुख्य सम्मेलन 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा। इसमें BRICS देशों के राष्ट्राध्यक्ष और सरकार प्रमुख हिस्सा लेंगे।
सम्मेलन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। VIP मूवमेंट के कारण 10 से 14 सितंबर के बीच कई प्रमुख सड़कों और इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना है।
10 सितंबर को BRICS राउंडटेबल
समिट से पहले 10 सितंबर को चाणक्यपुरी स्थित द लीला होटल में BRICS राउंडटेबल आयोजित किया जा रहा है। इसमें कूटनीति, कारोबार, ग्लोबल साउथ, निवेश, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और कनेक्टिविटी समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ राजनयिकों, कारोबारी प्रतिनिधियों और सैन्य अधिकारियों के शामिल होने की बात कही गई है।
11 सितंबर को स्कूलों में छुट्टी
सुरक्षा तैयारियों और सम्मेलन की व्यवस्था को देखते हुए दिल्ली के सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों में 11 सितंबर को छुट्टी रहेगी।
इस दौरान सुरक्षा एजेंसियां प्रमुख होटलों, सीमावर्ती क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाएंगी।
12 सितंबर को नेताओं का आगमन और गाला डिनर
12 सितंबर को दोपहर 2 बजे से BRICS देशों के नेताओं का भारत मंडपम पहुंचना शुरू होगा। इसके बाद आधिकारिक फोटो और बंद कमरे में बैठक होगी। बैठक में वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करने जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
शाम को भारत इनोवेट्स प्रदर्शनी, ग्रुप फोटो और पौधरोपण कार्यक्रम होगा। दिन का समापन प्रधानमंत्री की ओर से आयोजित गाला डिनर के साथ होगा।
13 सितंबर को मुख्य चर्चा
13 सितंबर को साझेदार और आमंत्रित देशों के नेता भारत मंडपम पहुंचेंगे। इसके बाद ग्रुप फोटो और समिट का ओपन सेशन होगा। इसमें वैश्विक सहयोग और BRICS की भूमिका से जुड़े मुद्दों पर चर्चा आगे बढ़ेगी।
10-14 सितंबर तक ट्रैफिक पर असर
VIP मूवमेंट के कारण कनॉट प्लेस, पटेल चौक समेत दिल्ली के कई प्रमुख रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन हो सकता है। नोएडा, पूर्वी दिल्ली, द्वारका और पश्चिमी दिल्ली से एयरपोर्ट या मध्य दिल्ली जाने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।
एयरपोर्ट जाने वालों के लिए मेट्रो को बेहतर विकल्प माना गया है। आपातकालीन और मेडिकल वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित की जाएगी।
