News1India

Delhi में जारी बारिश का कहर, उत्तर भारत से लेकर दक्षिण तक 15 राज्यों में अलर्ट

delhi

Delhi Rain: दिल्ली में बारिश से मौसम भले ही सुहावना हो गया हो, लेकिन परेशानियों का दौर भी शुरू हो चुका है। शनिवार रात से शुरू हुई बारिश अब रुकने का नाम नहीं ले रही है और अगले 5 दिन तक इसी तरह तेज बारिश की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग ने Delhi समेत उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल, उत्तराखंड और कई पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। कई जगहों पर बिजली गिरने और बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं। लोगों को राहत के साथ ही सतर्क रहने की भी जरूरत है।

दिल्ली में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित

राजधानी Delhi में शनिवार रात से लगातार तेज बारिश हो रही है। जय चौक, मिंटो ब्रिज, कनॉट प्लेस, सरोजिनी नगर और एम्स सहित कई इलाकों में जलभराव हो गया है। बारिश से तापमान में गिरावट तो आई है, लेकिन सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आने-जाने में मुश्किलें झेलनी पड़ रही हैं। मौसम विभाग ने 3 और 4 अगस्त को तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई है। इसके अलावा पूरे सप्ताह बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

पहाड़ी इलाकों में बारिश बनी आफत

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार बारिश की वजह से कई सड़कों पर भूस्खलन हो गया है और बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। दोनों राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 3 से 8 अगस्त तक जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल, उप-हिमालयी बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। पहाड़ी नदियों के उफान पर आने और भूस्खलन की घटनाओं की संभावना को देखते हुए पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

यूपी-बिहार समेत 15 राज्यों में अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के लिए भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 4 से 6 अगस्त के बीच इन राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर के राज्यों असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मिज़ोरम, त्रिपुरा और नागालैंड में भी 3 से 8 अगस्त तक बारिश की चेतावनी है। इन राज्यों में बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।

दक्षिण भारत में भी भारी बारिश की चेतावनी

5 से 8 अगस्त तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, रायलसीमा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं और समुद्री लहरें भी ऊंची हो सकती हैं। इसको देखते हुए मछुआरों को 3 से 7 अगस्त तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी सतर्कता जरूरी है।

देशभर में मॉनसून अब रफ्तार पकड़ चुका है। जहां एक तरफ बारिश से गर्मी से राहत मिल रही है, वहीं दूसरी ओर बाढ़, भूस्खलन और जलभराव की वजह से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त होता जा रहा है। अगले 5 दिन बेहद सावधानी से गुजारने की जरूरत है।

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वेस्ट डिस्ट्रिक्ट में हुए 650 से ज्यादा अपराधी गिरफ्तार

Exit mobile version