Nalanda Stampede Incident: बिहार के Nalanda जिले में स्थित Sheetla Mata Temple Maghra में एक दर्दनाक हादसा हो गया। शीतला अष्टमी के मौके पर लगे मेले के दौरान अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
प्रशासन ने की बड़ी कार्रवाई
हादसे के बाद प्रशासन हरकत में आया और बड़ी कार्रवाई की गई। Bharat Soni ने दीपनगर थाना के थानाध्यक्ष राजमणि को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया। यह फैसला प्रशासनिक लापरवाही के आरोपों के बाद लिया गया है। पुलिस की देरी से पहुंचने को लेकर भी सवाल उठ रहे थे।
भीड़ और व्यवस्था बनी वजह
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, चैत महीने के आखिरी मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि लोगों को खड़े रहने तक की जगह नहीं मिल रही थी। इसी दौरान अचानक अफरा-तफरी मच गई और लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई।
लाइन थी, लेकिन कंट्रोल नहीं
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शुरुआत में दर्शन के लिए लाइन बनाई गई थी, लेकिन जैसे-जैसे भीड़ बढ़ती गई, व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई। धक्का-मुक्की के दौरान कई लोग गिर पड़े और उनके ऊपर अन्य लोग चढ़ते चले गए, जिससे हादसा और गंभीर हो गया।
पैसे लेकर एंट्री का आरोप
घटना के बाद कुछ चौंकाने वाले आरोप भी सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर में कुछ लोग पैसे लेकर सीधे प्रवेश करवा रहे थे। आरोप है कि 500 रुपये देने वालों को लाइन से अलग कर अंदर भेजा जा रहा था, जिससे भीड़ अचानक बढ़ गई और नियंत्रण खत्म हो गया। बैरिकेडिंग हटते ही हालात और बिगड़ गए।
सुरक्षा इंतजामों पर सवाल
घायल श्रद्धालुओं और महिलाओं ने आरोप लगाया कि मौके पर पर्याप्त पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी। उनका कहना है कि इतनी बड़ी भीड़ के बावजूद कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए थे। अगर पहले से सही योजना बनाई जाती, तो इस हादसे को रोका जा सकता था।
जांच जारी, और कार्रवाई संभव
फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर अन्य जिम्मेदार लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी। लोगों की नजर अब इस बात पर है कि दोषियों को कितना सख्त सजा मिलती है।








