UP News:उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कैड़ी गांव में बुधवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। बाबरी थाना क्षेत्र में एक मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर में रखे दो गैस सिलेंडर तेज धमाकों के साथ फट गए। हादसे में एक महिला और उसकी दो बेटियों की जिंदा जलने से मौत हो गई। वहीं, महिला का पति और दो बेटे सुरक्षित बच गए। मृतकों की पहचान शाहिदा (32), उनकी बेटी अदन (13) और माहिरा (11) के रूप में हुई है।
सोते समय फैली लपटें
जानकारी के मुताबिक, 35 वर्षीय साजिद अपने परिवार के साथ मकान में रहते हैं। बुधवार 18 नवंबर की रात साजिद अपने दोनों बेटों के साथ एक कमरे में सो रहे थे। वहीं, उनकी पत्नी शाहिदा दोनों बेटियों के साथ रसोई के पास बने दूसरे कमरे में थीं। रात करीब 12 बजे अचानक रसोईघर में आग लग गई। कुछ ही देर में लपटें दूसरे कमरे तक पहुंच गईं। आग और धुएं के बीच शाहिदा और उनकी दोनों बेटियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। धमाकों की आवाज सुनकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे, लेकिन आग की तीव्रता के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।
दमकल ने पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही बाबरी थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस ने मकान के अंदर पहुंचकर तीनों शवों को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साजिद और उनके दोनों बेटे इस हादसे में सुरक्षित बच गए। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में रसोईघर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। इसके बाद घर में रखे दो गैस सिलेंडर फटने की बात सामने आई है। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। बाबरी थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है। तकनीकी और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आएगी। घटना ने घरेलू गैस सिलेंडर और रसोई में आग से बचाव के उपायों को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।






















