Gorakhpur Murder Case : गोरखपुर, उत्तर प्रदेश में एक चौंकाने वाली घटना हुई है, जिसने सबको हतप्रभ कर दिया। बुधवार शाम को एक मां ने अपनी दो बेटियों के साथ मिलकर अपने बेटे की लाठी-डंडों से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। जब बेटे की पत्नी उसे बचाने पहुंची, तो उसे भी क्रूरता से पीटकर जख्मी कर दिया गया। मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने मां, दोनों बेटियों और एक भाई को हिरासत में लिया है। इस हत्या का कारण बेटे की एक नर्तकी से शादी करना बताया जा रहा है, जिसके चलते परिवार में काफी समय से अनबन थी।
क्या है पूरा मामला?
बांसगांव थाना क्षेत्र के तिघरा रुद्रमन गांव के रहने वाले अमित ने दो वर्ष पहले अनीता नाम की एक युवती से शादी की थी, जो एक आर्केस्ट्रा में नृत्य करती थी। इस शादी से अमित की मां मीरा देवी बेहद नाराज थीं। उन्होंने अमित को घर में प्रवेश करने से साफ मना कर दिया था। इसके बाद अमित अपनी पत्नी के साथ दिल्ली चला गया था। बुधवार को वह पत्नी के साथ वापस गांव लौटा और घर में घुसने की कोशिश की। मां और बहनों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन अमित ने उनकी बात नहीं मानी और पत्नी के साथ जबरन घर में दाखिल हो गया।
विवाद ने लिया खौफनाक रूप
बुधवार शाम करीब 8 बजे अमित और उसकी पत्नी के घर में जबरन घुसने को लेकर मां मीरा देवी के साथ उसका विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक मारपीट में बदल गया। आरोप है कि मां ने अपनी दोनों बेटियों के साथ मिलकर अमित पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर पर गहरी चोट लगने से अमित बेहोश होकर गिर पड़ा।
यह भी पढ़ें : गाजियाबाद में हैरान करने वाला साइबर फ्रॉड…
अनीता ने अपने पति को बचाने की कोशिश की, लेकिन उसे भी बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। गांव वालों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अमित और अनीता को बांसगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। लेकिन, अस्पताल पहुंचने से पहले ही अमित ने दम तोड़ दिया। अनीता का प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जांच में जुटी पुलिस
एसपी साउथ जितेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी अनीता की तहरीर पर मां मीरा देवी, दोनों बेटियों और एक भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि इस जघन्य अपराध के सभी पहलुओं का पता लगाया जा सके।














