Lucknow Agra Expressway Bus Accident:उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार, 9 नवंबर की सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर जीरो पॉइंट मोहन के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 50 से 60 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
रेवाड़ी से छपरा जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार, बस हरियाणा के रेवाड़ी से बिहार के छपरा जा रही थी। सोमवार सुबह करीब 7:08 बजे जीरो पॉइंट मोहन के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई।
बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य के लिए कई टीमों को मौके पर बुलाया गया।
तीन स्टेशनों से पहुंचीं रेस्क्यू टीमें
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) लखनऊ अंकुश मित्तल के निर्देशन में अग्निशमन एवं आपात सेवा की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। प्रभारी आलमबाग सुमित प्रताप सिंह के साथ फायर स्टेशन आलमबाग से एक फायर टेंडर, सरोजनी नगर से रेस्क्यू व्हीकल और हजरतगंज से अत्याधुनिक मल्टी डिजास्टर रेस्क्यू व्हीकल (एमडीआरवी) को मौके पर भेजा गया।
पुलिस बल के साथ अग्निशमन विभाग की टीमों ने बचाव अभियान शुरू किया। बस के भीतर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए एमडीआरवी में उपलब्ध अत्याधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया गया।
कड़ी मशक्कत से पूरा हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए बस में फंसे करीब 15 से 16 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें एक छोटा बच्चा भी शामिल था। अग्निशमन विभाग के मुताबिक, सभी टीमों के बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई के चलते महज 35 मिनट में पूरा रेस्क्यू ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया।
घायलों को KGMU ट्रॉमा सेंटर भेजा
हादसे में गंभीर रूप से घायल यात्रियों और एक बच्चे को तत्काल एंबुलेंस की मदद से केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। वहां उनका उपचार कराया जा रहा है। हादसे के बाद मौके पर पुलिस और राहत टीमों की मौजूदगी में बचाव कार्य किया गया।
बस में करीब 50 से 60 यात्री सवार होने के कारण दुर्घटना के बाद स्थिति गंभीर हो गई थी। फिलहाल घायलों के उपचार और हादसे में हताहत हुए लोगों की संख्या को लेकर आधिकारिक जानकारी की पुष्टि की जानी बाकी है।

