UP Blackout Mock Drill:उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में आज शाम 6 बजे ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी। नागरिक सुरक्षा विभाग इस अभ्यास के जरिए हवाई हमले जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखेगा। इसके लिए सभी जिलों में अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति बंद की जाएगी। करीब दो मिनट तक हवाई हमले की चेतावनी वाला सायरन बजेगा। इस दौरान पुलिस, दमकल, स्वास्थ्य विभाग और राहत टीमें मिलकर अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगी। अभ्यास पूरा होने के बाद ऑल क्लियर सायरन बजाया जाएगा।
जनवरी में भी अभ्यास
उत्तर प्रदेश में इससे पहले 23 जनवरी 2026 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर भी ऐसी मॉकड्रिल आयोजित की गई थी। उस दौरान प्रदेश के सभी 75 जिलों में एक साथ ब्लैकआउट किया गया था। इसका उद्देश्य यह जांचना था कि दुश्मन देश के संभावित हवाई हमले या किसी दूसरी आपात स्थिति में सरकारी एजेंसियां कितनी तैयार हैं और कितनी तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर सकती हैं।
गृह मंत्रालय के निर्देश
नागरिक सुरक्षा विभाग की प्रधान सचिव संयुक्ता समद्दार ने बताया कि यह अभ्यास गृह मंत्रालय के दिशानिर्देशों के अनुसार किया जा रहा है। इसमें राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, NDRF, SDRF, पुलिस, अग्निशमन सेवा और स्वास्थ्य विभाग सहित कई एजेंसियां शामिल होंगी। नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक भी बचाव अभियान का प्रदर्शन करेंगे। इसमें आग बुझाने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने, क्षतिग्रस्त इमारतों से लोगों को निकालने और गंभीर घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया जाएगा।
लोगों को पहले सूचना
प्रधान सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जनप्रतिनिधियों, प्रमुख नागरिकों, NCC, NSS, नेहरू युवा केंद्र, कॉलेज के विद्यार्थियों और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय निवासियों को अभ्यास की जानकारी पहले से दी जाए, ताकि सायरन और बिजली बंद होने से कोई अफवाह या घबराहट न फैले। गौरतलब है कि नागरिक सुरक्षा विभाग की स्थापना 1962 में भारत-चीन युद्ध के बाद की गई थी।

























