Site icon News1India

Expressway Safety : यूपी के सभी एक्सप्रेसवे पर लागू हुई नई व्यवस्था, सफर से पहले ड्राइवरों की होगी जांच; सरकार ने क्यों लिया फैसला?

UP Expressway Driver Health Checkup: उत्तर प्रदेश में आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण बस हादसे के बाद योगी सरकार ने सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाया है। अब प्रदेश के सभी एक्सप्रेसवे पर वाहन ले जाने से पहले चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। इसके साथ ही यह भी जांच होगी कि ड्राइवर ने किसी मादक पदार्थ का सेवन तो नहीं किया है। सरकार का मकसद सड़क हादसों पर रोक लगाना और यात्रियों का सफर सुरक्षित बनाना है।

खाई में पलटी बस

दरअसल, सोमवार को लखनऊ में आगरा एक्सप्रेसवे पर जीरो माइल के पास बड़ा हादसा हुआ था। राजस्थान के भिवाड़ी से बिहार के छपरा जा रही एक बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद प्रदेश सरकार ने एक्सप्रेसवे पर चलने वाले वाहनों और उनके चालकों की निगरानी बढ़ाने का फैसला किया है।

डिप्टी सीएम का निर्देश

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को इस संबंध में विभाग के अपर मुख्य सचिव, परिवहन आयुक्त, यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजा है। उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा है।

ड्राइवरों की होगी जांच

नई व्यवस्था के तहत एक्सप्रेसवे पर वाहन ले जाने से पहले ड्राइवरों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने की व्यवस्था बनाई जाएगी। इसमें यह भी पता लगाया जाएगा कि चालक ने शराब या किसी अन्य मादक पदार्थ का सेवन तो नहीं किया है। सरकार का मानना है कि नशे की हालत में वाहन चलाने से गंभीर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

गति सीमा का पालन

ब्रजेश पाठक ने सभी एक्सप्रेसवे पर वाहनों की निर्धारित गति सीमा का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा समय-समय पर वाहन चालकों की काउंसलिंग भी कराई जाएगी, ताकि उन्हें सुरक्षित ड्राइविंग के नियमों और लापरवाही से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया जा सके।

नीति बनाने की तैयारी

उपमुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से इस व्यवस्था को लागू करने के लिए नीति तैयार करने और उसका पालन सुनिश्चित कराने को कहा है। उन्होंने जोर दिया कि ड्राइवरों की नियमित जांच, काउंसलिंग और गति सीमा पर निगरानी जैसे उपाय समय रहते लागू किए जाएं तो सड़क हादसों में कमी लाने में मदद मिल सकती है।

Exit mobile version