YouTube New Update: YouTube इस्तेमाल करने वालों के लिए ऐप का इस्तेमाल करने का तरीका बदलने वाला है। कंपनी ने अपने मोबाइल ऐप के डिजाइन में बड़ा बदलाव शुरू कर दिया है। अब तक नीचे दिखने वाला Subscriptions टैब अपनी पुरानी जगह पर नहीं मिलेगा। इसकी जगह इसे Home पेज के सबसे ऊपर दिए गए मेन्यू में शामिल किया गया है।
यह बदलाव Android और iPhone दोनों के यूजर्स के लिए जारी किया जा रहा है। YouTube का कहना है कि नए डिजाइन से यूजर्स को अपनी पसंद के वीडियो और अलग-अलग तरह के कंटेंट तक पहुंचने में आसानी होगी। हालांकि, जो लोग रोजाना अपने पसंदीदा चैनलों के नए वीडियो देखने के लिए Subscriptions टैब खोलते थे, उन्हें नए बदलाव की आदत डालनी होगी।
अब चार विकल्पों वाला होगा नीचे का मेन्यू
पहले YouTube ऐप के निचले हिस्से में Home, Shorts, Create, Subscriptions और Profile के पांच विकल्प दिखाई देते थे। नए डिजाइन में Subscriptions का बटन हटा दिया गया है। अब नीचे Home, Shorts, Create और Profile के चार विकल्प ही रहेंगे।
Subscriptions को अब ‘Subs’ नाम से Home पेज के ऊपर शिफ्ट किया गया है। इसी टॉप मेन्यू में Live और Music जैसे विकल्प भी मिलेंगे। Movies & TV का विकल्प उन यूजर्स को दिखाई देगा, जिनके पास इससे जुड़ी सक्रिय पेड सब्सक्रिप्शन है।
अपने पसंदीदा चैनलों के वीडियो कैसे देखें?
अगर आपके ऐप में नया डिजाइन आ गया है, तो सबसे पहले Home पेज खोलें। स्क्रीन के ऊपर ‘Subs’ का विकल्प मिलेगा। इस पर टैप करते ही आप अपने सब्सक्राइब किए गए चैनलों के वीडियो देख सकेंगे।
ध्यान देने वाली बात यह है कि ऐप खोलने के कुछ सेकंड बाद ऊपर का मेन्यू अपने आप छिप सकता है। ऐसे में Home फीड को नीचे की तरफ खींचें। इसके बाद ऊपर का मेन्यू फिर दिखाई देने लगेगा और आप Subs पर जा सकेंगे।
अपनी पसंद की Custom Feed भी बना सकेंगे यूजर्स
YouTube ने Custom Feed नाम का नया फीचर भी पेश किया है। इसके जरिए यूजर्स अपनी पसंद के विषयों के हिसाब से अलग-अलग वीडियो फीड तैयार कर सकेंगे।
इसके लिए Home पेज के ऊपर दिए गए प्लस (+) बटन पर टैप करना होगा। फिर आप लिख सकते हैं कि आपको किस तरह के वीडियो देखने हैं। उदाहरण के लिए, क्रिकेट, टेक्नोलॉजी, कुकिंग या किसी खास विषय से जुड़े वीडियो की मांग कर सकते हैं। YouTube इसी आधार पर आपके लिए अलग फीड तैयार करेगा।
Shorts कम देखना चाहते हैं तो क्या करें?
नए डिजाइन में Shorts को भी ज्यादा जगह दी गई है। हालांकि, अगर आप Home पेज पर कम Shorts देखना चाहते हैं तो वीडियो के पास दिए गए तीन डॉट वाले मेन्यू में जाकर ‘Show fewer Shorts’ विकल्प चुन सकते हैं। इससे YouTube आपके Home फीड पर Shorts की संख्या कम करने की कोशिश करेगा।












