मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने विभाजन की त्रासदी के लिए कभी माफी नहीं मांगी और जब भी उसे मौका मिला, उसने देश को नुकसान पहुँचाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पापों की माफी नहीं हो सकती। सीएम ने बांग्लादेश का उदाहरण देते हुए बताया कि 1947 में वहां 22% हिंदू थे, जबकि आज केवल 7% रह गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सभी की सहानुभूति उन हिंदुओं के साथ होनी चाहिए और अखंड भारत का सपना ही ऐसी घटनाओं का समाधान हो सकता है।
सीएम योगी ने कही ये बात…
सीएम योगी (CM Yogi) ने कहा कि अगर 1947 में भारत के राजनीतिक नेतृत्व के पास मजबूत इच्छाशक्ति होती, तो कोई भी ताकत दुनिया भर में उस अप्राकृतिक बंटवारे को नहीं करवा पाती। लेकिन कांग्रेस की सत्ता की लालच ने भारत को नुकसान पहुँचाया। जब भी कांग्रेस के पास सत्ता आई, उन्होंने देश की कीमत पर राजनीति की।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि 1947 में जब पंडित नेहरू और कांग्रेस पार्टी तिरंगा लहरा कर उत्सव मना रहे थे, उसी समय अनगिनत लोग अपनी मातृभूमि छोड़ने पर मजबूर हो रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 10 वर्षों में भारत की प्रगति ने दुनिया को चकित कर दिया है, और इसीलिए जब भी कहीं संकट आता है, पूरी दुनिया भारत की ओर देखती है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने पिछले साल सितंबर में अखंड भारत से संबंधित एक सवाल का जवाब दिया था। नागपुर में एक कार्यक्रम के दौरान भागवत ने कहा था कि वे नहीं बता सकते कि अखंड भारत कब तक अस्तित्व में आएगा, लेकिन अगर आप इसके लिए लगातार प्रयास करते रहेंगे, तो आपके बूढ़े होने से पहले यह संभव हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग भारत से अलग हो गए हैं, उन्हें लगता है कि उन्होंने गलती की है और वे भारत के साथ फिर से जुड़ना चाहते हैं।