Uttar Pradesh: बरेली इज्जतनगर में हुई गोलीकांड में 2 आरोपी गिरफ्तार, गोली लगने से घायल हुए आरोपी

Uttar Pradesh

Uttar Pradesh: बरेली जिले के इज्जतनगर में हुई गोलीबारी और आगजनी की घटना के दो ‘मुख्य साजिशकर्ताओं’ को पुलिस ने एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पैरों में गोली लगने से घायल दोनों मुख्य साजिशकर्ताओं को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने क्या बताया?

पुलिस अधीक्षक (नगर) राहुल भाटी ने बताया कि पीलीभीत बाईपास पर 22 जून को हुई गोलीबारी और आगजनी की घटना के मुख्य साजिशकर्ता केपी यादव और सुभाष लोधी को शनिवार रात पुलिस दल के साथ हुई एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

 

 

भाटी ने कहा कि केपी यादव और सुभाष लोधी ने इज्जतनगर क्षेत्र (Uttar Pradesh) में पीलीभीत बाईपास रोड पर एक जमीन खाली कराने के लिए मुख्य आरोपी राजीव राणा से 30 लाख रुपये लिए थे, जिसके बदले में उन्होंने गोलीबारी और आगजनी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देसी पिस्तौल बरामद की हैं।

गोली लगने से 2 आरोपी घायल

पुलिस के अनुसार केपी यादव रिठौरा नगर पालिका का सदस्य है और उसके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में 14 मामले दर्ज हैं, जबकि सुभाष लोधी के खिलाफ 13 मामले दर्ज हैं। 22 जून को मुख्य आरोपी राजीव राणा और दूसरे पक्ष के आरोपी आदित्य उपाध्याय के बीच उपाध्याय की मार्बल की दुकान के पास स्थित एक भूखंड के कब्जे को लेकर हिंसक झड़प हो गई थी।

यह भी पढ़े: पेरिस ओलंपिक, केरल का छाता, आंध्र की कॉफी, मोदी 3.0 ‘मन की बात’ में किन मुद्दों पर चर्चा की? 

राणा ने अपने बेटों और 40 से 50 साथियों के साथ विवादित जमीन के पास खड़ी दो जेसीबी मशीनों को आग के हवाले कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। इस घटना का एक कथित वीडियो भी सार्वजनिक हो गया था।

बरेली गोलीकांड के 2 मास्टरमांइड गिरफ्तार

बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने घटना के संबंध में लापरवाही बरतने के कारण इज्जतनगर थाने के प्रभारी सहित सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था। इसके अलावा, कुछ दिनों बाद राज्य सरकार ने बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक घुले सुशील चंद्रभान का तबादला भी कर दिया।

भाटी ने बताया कि घटना के सिलसिले में अब तक राणा और उपाध्याय सहित दोनों पक्षों के 26 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Exit mobile version