Site icon News1India

क्या Delhi की CM को मिला नया पावर, जिसकी हसरत लिए केजरीवाल और आतिशी की हो गए विदा

CM Rekha Gupta law and order

Political news दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अब पूरी तरह एक्शन में नजर आ रही हैं। शुक्रवार को उन्होंने देश के गृह मंत्री अमित शाह के साथ दिल्ली की कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक समस्याओं को लेकर अहम बैठक की। इस मीटिंग में दिल्ली पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा, केंद्रीय गृह सचिव, आईबी डायरेक्टर और दिल्ली पुलिस के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने साफ कर दिया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को काम करने की पूरी आज़ादी होगी।

बैठक के बाद सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि डबल इंजन की सरकार दिल्ली में सिर्फ कानून-व्यवस्था ही नहीं, बल्कि ट्रैफिक जाम और जलभराव जैसी समस्याओं को भी खत्म करने के लिए पूरी ताकत झोंक देगी।

हर महीने होगी क्राइम कंट्रोल मीटिंग

अब से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हर महीने दिल्ली पुलिस कमिश्नर के साथ क्राइम कंट्रोल को लेकर बैठक करेंगी। गौरतलब है कि पिछली सरकारों के दौरान यह प्रक्रिया पूरी तरह बंद हो गई थी।

दरअसल, जब अरविंद केजरीवाल और आतिशी मुख्यमंत्री थे, तब दिल्ली पुलिस और सरकार के रिश्ते काफी तनावपूर्ण हो गए थे। छोटी-छोटी घटनाओं को लेकर आप सरकार अक्सर दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाने लगती थी। लेकिन अब गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद और पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा को एक मंच पर लाकर सबकी जिम्मेदारी तय कर दी है।

क्या सीएम को मिला नया पावर

इस बैठक में गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस को सरकार के साथ मिलकर काम करने को कहा है। आमतौर पर दिल्ली पुलिस गृह मंत्रालय के अधीन होती है और सीएम का उस पर कोई अधिकार नहीं होता। लेकिन अब क्योंकि दिल्ली और केंद्र दोनों में बीजेपी की सरकार है, ऐसे में अमित शाह ने पुलिस अधिकारियों को मुख्यमंत्री और गृह मंत्री के निर्देशों का पालन करने के लिए कह दिया है।

इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यकाल के बाद यह पहली बार हुआ कि दिल्ली सरकार, गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस के बीच इस स्तर की बैठक हुई है। इस बैठक में सिर्फ दिल्ली पुलिस के बड़े अधिकारी ही नहीं, बल्कि आईबी के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।

बैठक के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मीडिया से कहा कि आने वाले दिनों में दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर शहर को सुरक्षित और बेहतर बनाने पर पूरा ध्यान दिया जाएगा।

Exit mobile version