UP Assembly का नॉन स्टॉप ऐतिहासिक सत्र चालू कौन से विजन डॉक्यूमेंट पर होगी मैराथन चर्चा मुख्यमंत्री कल देंगे संबोधन

यूपी विधानसभा का आज का सत्र 24 घंटे लगातार चलेगा। इसमें विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश 2047 विजन डॉक्यूमेंट पर लंबी चर्चा होगी। मुख्यमंत्री कल संबोधित करेंगे और मंत्रियों की मौजूदगी के लिए खास रोस्टर बनाया गया है।

24 hour historic session in Uttar Pradesh assembly on vision document 2047

24-Hour Historic Session in UP Assembly:उत्तर प्रदेश विधानसभा का आज का दिन इतिहास में दर्ज होने वाला है। मॉनसून सत्र का तीसरा दिन इस बार अलग अंदाज में होगा, क्योंकि सदन की कार्यवाही आज सुबह 11 बजे से शुरू होकर बिना रुके कल सुबह 11 बजे तक चलेगी। यानी पूरे 24 घंटे विधायक और मंत्री सदन में मौजूद रहेंगे।

विजन डॉक्यूमेंट पर मैराथन चर्चा

इस दौरान “विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश 2047” विजन डॉक्यूमेंट पर खास बहस होगी, जो लगभग 17 से 18 घंटे तक लगातार चलेगी। इस डॉक्यूमेंट के जरिए योगी सरकार आने वाले वर्षों में प्रदेश के विकास का रोडमैप पेश करेगी। विधानसभा में 28 और विधान परिषद में 18 मंत्री सरकार की ओर से अपने विचार रखेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल यानी सत्र के चौथे दिन सदन में विजन डॉक्यूमेंट 2047 के मुद्दे पर विशेष संबोधन देंगे।

मंत्रियों की अनिवार्य मौजूदगी का प्लान

सदन में हर समय मंत्रियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए 28 मंत्रियों का रोस्टर तैयार किया गया है। यह रोस्टर आज शाम 6 बजे से कल सुबह 11 बजे तक लागू रहेगा। समय को 6 अलग-अलग शिफ्ट में बांटा गया है। इनमें एक शिफ्ट 2 घंटे की होगी और बाकी 3-3 घंटे की।

शिफ्टवार मंत्रियों की ड्यूटी

शाम 6 से रात 9 बजे तक: लक्ष्मी नारायण चौधरी, राकेश सचान, नितिन अग्रवाल, विजय लक्ष्मी गौतम

रात 9 से 12 बजे तक: योगेंद्र उपाध्याय, कपिल देव अग्रवाल, सतीश चंद्र शर्मा

रात 12 से तड़के 3 बजे तक: अनिल कुमार, दयाशंकर सिंह, दयाशंकर मित्र दयालु, बृजेश सिंह

तड़के 3 से सुबह 6 बजे तक: अनिल राजभर, गिरीश चंद्र यादव, बलदेव सिंह औलख, दिनेश खटिक, संजीव गोंड, रामकेश निषाद, मनोहर लाल मन्नू कोरी, केपी मलिक

सुबह 6 से 9 बजे तक: जयवीर सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, संदीप सिंह, रवींद्र जायसवाल, सोमेंद्र तोमर

सुबह 9 से 11 बजे तक: सूर्य प्रताप शाही, संजय सिंह निषाद, गुलाब देवी, रजनी तिवारी

प्रदेश के विकास की बड़ी योजना

यह 24 घंटे का सत्र न सिर्फ विधानसभा के इतिहास में एक नया रिकॉर्ड बनाएगा, बल्कि प्रदेश के विकास की दिशा में सरकार की सोच और योजनाओं को सामने लाने का भी बड़ा मंच बनेगा।

Exit mobile version