Site icon News1India

Ayodhya: सपा सांसद के बेटे अजीत प्रसाद पर अपहरण और पिटाई का आरोप, पीड़ित ने दी तहरीर

Ayodhya

Ayodhya News: अयोध्या से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद के बेटे और मिल्कीपुर (Ayodhya) से सपा उम्मीदवार अजीत प्रसाद पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अजीत प्रसाद और उनके समर्थकों पर मारपीट और अपहरण का आरोप है।

इस मामले में पीड़ित की ओर से नगर कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। सपा ने अजीत प्रसाद को मिल्कीपुर सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

अमित मालवीय ने मामले पर क्या कहा?

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि फैजाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद, जिन्हें अखिलेश यादव विशेष समर्थन दे रहे हैं, उनके बेटे अजीत प्रसाद ने रवि तिवारी का अपहरण कर उसकी पिटाई की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के सत्ता में आते ही अपराधों में वृद्धि हुई है।

मालवीय ने उत्तर प्रदेश में प्रचलित कहावत का हवाला देते हुए कहा, “जिस गाड़ी पर सपा का झंडा, उस गाड़ी में बैठा है गुंडा,” और इसे इस घटना का उदाहरण बताया। इस पोस्ट के साथ मालवीय ने एक वीडियो भी साझा किया है, जबकि इस मामले में पीड़ित रवि तिवारी, जो पूराकलंदर थाना क्षेत्र के पलिया तिवारी के निवासी हैं, का बयान भी सामने आया है।

यह भी पढ़े: कांग्रेस पर नायब सैनी का बड़ा आरोप, सैलजा के अपमान पर भाजपा हमलावर

पीड़ित ने क्या दावा किया?

पीड़ित रवि तिवारी का दावा है कि उन्होंने अकवारा की निवासी शीतला प्रसाद की जमीन को अजीत प्रसाद और लाल बहादुर के नाम बैनामा कराने में मध्यस्थता की थी। इस दौरान, अजीत प्रसाद ने चेक के जरिए उन्हें एक लाख रुपये दिए थे। रवि का कहना है कि शनिवार को वह सिविल लाइंस में एसबीआई बैंक के पास खड़े थे, तभी अजीत प्रसाद अपने समर्थक राजू यादव, एक सिपाही और 10 से 15 अज्ञात लोगों के साथ चार पहिया वाहन में वहां पहुंचे।

रवि का आरोप है कि उन लोगों ने उन्हें गाड़ी में बैठाया, फिर गाड़ी में उनकी पिटाई की और तहसील के पास उतार दिया। उन्होंने चेक द्वारा दिए गए एक लाख रुपये भी वापस ले लिए और इसका वीडियो भी बनाया। इस पूरे मामले में पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जबकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के लिए पीड़ित से पूछताछ की जा रही है। तहरीर में अजीत प्रसाद का नाम दर्ज है।

Exit mobile version