BJP Village Outreach Campaign: चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने मतदाताओं तक सीधे पहुंचने की तैयारी तेज कर दी है। पार्टी ने अपने स्थापना दिवस के मौके पर एक बड़ा अभियान शुरू करने का फैसला लिया है। इसके तहत अब नेता और कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों से जुड़ेंगे और उनकी समस्याएं समझेंगे।
7 से 12 अप्रैल तक अभियान
पार्टी 7 अप्रैल से 12 अप्रैल तक “गांव व बस्ती चलो अभियान” चलाएगी। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारी गांवों में जाकर रुकेंगे और वहीं से जनसंपर्क करेंगे। खास बात यह है कि इस अभियान में विधायक से लेकर सांसद तक सभी जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी दी गई है।
हर जिले में होंगे कार्यक्रम
भाजपा ने तय किया है कि हर जिले में 50 से ज्यादा गांवों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका मकसद गांवों में पार्टी की पकड़ मजबूत करना है। कार्यकर्ता गांवों में चौपाल लगाकर लोगों से सीधे बातचीत करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे।
बाबा साहब को दी जाएगी श्रद्धांजलि
इस अभियान के दौरान 13 अप्रैल को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं की सफाई की जाएगी। इसके बाद 14 अप्रैल को उनकी जयंती पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। साथ ही प्रतिमाओं पर छत्र लगाने का भी कार्यक्रम रखा गया है।
बूथ स्तर पर शुरू होगा अभियान
7 अप्रैल को हर बूथ पर पार्टी के पदाधिकारी पहुंचकर आने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देंगे। इसके बाद गांवों में चौपाल और बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में स्थानीय मुद्दों पर चर्चा होगी और लोगों से फीडबैक लिया जाएगा।
विकास योजनाओं पर होगा जोर
गांवों में जाकर कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं का प्रचार करेंगे। साथ ही जिन लोगों को इन योजनाओं का लाभ मिला है, उनसे बातचीत कर उनके अनुभव को दूसरे गांवों में साझा किया जाएगा। इससे लोगों के बीच भरोसा बढ़ाने की कोशिश होगी।
बुद्धिजीवी और कार्यकर्ताओं पर फोकस
पार्टी इस दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान भी करेगी, ताकि संगठन से उनका जुड़ाव मजबूत हो। इसके अलावा बुद्धिजीवी सम्मेलन आयोजित कर ऐसे लोगों को जोड़ने की कोशिश की जाएगी, जिनका समाज पर अच्छा प्रभाव होता है।
नेतृत्व की खास रणनीति तैयार
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने इस पूरे अभियान की रूपरेखा तैयार कर ली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी निर्देश दिए हैं कि यह अभियान पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ चलाया जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच बनाई जा सके।





