बदायूं में आसमान से गिरी बर्फ की सिल्ली ने मचाई दहशत, जानें कैसे हुआ ये चमत्कार, जिसने खड़े किए वैज्ञानिकों के कान

उत्तर प्रदेश के बदायूं में रविवार को अजब-गजब का चमत्कार देखने को मिला। यहां ईट-भट्ठे के पास काम कर रहे मजदूरों के बीच एकाएक आसमान से बर्फ की सिल्ली आकर गिरी। जिसके चलते मजदूर दशहत में आ गए और खुद को एक छोटे से कमरे के अंदर कैद कर लिया।

लखनऊ ऑनलाइन डेस्क। उत्तर प्रदेश के बदायूं में रविवार को अजब-गजब का चमत्कार देखने को मिला। यहां ईट-भट्ठे के पास काम कर रहे मजदूरों के बीच एकाएक आसमान से बर्फ की सिल्ली आकर गिरी। जिसके चलते मजदूर दशहत में आ गए और खुद को एक छोटे से कमरे के अंदर कैद कर लिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

ये घटना बदायूं के मोहल्ला आठ स्थित बाबा ईंट भट्ठे के पास की है। यहां पर मजदूर काम कर रहे थे। तभी आसमान से बर्फ की सिल्ली के तेज धमाके के साथ जमीन पर गिरी।आसपास काम कर रहे मजदूर घबरा गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मजदूरों ने भागकर एक कमरे के अंदर दुबक गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी।

दिधोनी निवासी वीर सिंह ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ सुबह करीब नौ बजे ईंट पाथने का काम कर रहे थे। तभी अचानक बर्फ की सिल्ली आसमान से गिरकर उनके पास आ गिरी। गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के मजदूर नंदनी, सोमेंद्र, काजल, पूनम और संगीता चंद इंच की दूरी से बच गए। धमाके की आवाज सुनकर भट्टे के आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे।

देखते ही देखते बर्फ की सिल्ली को देखने के लिए क्षेत्र में भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों का कहना है कि बर्फ का टुकड़ा आसमान से काफी तेजी के साथ नीचे गिरा और जमीन पर गिरते ही चकनाचूर हो गया। उसके टुकड़े कुछ दूर तक जा गिरे। बर्फ की सिल्ली गिरने की सूचना क्षेत्र में फैलते ही लोगों में चर्चा का विषय बन गई। घटना की वजह को लेकर तरह-तरह के अनुमान भी लगाए जा रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत ईंट भट्ठे पर पहुंची और मौके का मुआयना किया। पुलिस ने मजदूरों और आसपास के लोगों से घटना के बारे में पूछताछ की और बर्फ के टुकड़ों की जांच की। स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी यह देखकर हैरान थे कि इतनी बड़ी बर्फ की सिल्ली आखिर कहा से आई। फिलहाल पूरे इलाके में कई तरह की चचाएं जोरों पर हो रही हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए, उप-जिलाधिकारी ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन अब इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि यह किसी विमान से गिरा मलबा है या कोई अत्यंत दुर्लभ प्राकृतिक घटना तो नहीं। अधिकारियों ने फिलहाल लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।

इस तरह की दुर्लभ घटनाए जहा साफ़ आसमान से बर्फ के बड़े टुकड़े गिरते हैं, उन्हें अक्सर वैज्ञानिक रूप से ’ब्लू आइस’ के नाम से जाना जाता है। इस घटना का सबसे संभावित कारण यह माना जाता है कि ऊंचाई पर उड़ रहे हवाई जहाजों के शौचालय या अपशिष्ट टैंक से पानी का रिसाव होता है। यह पानी वायुमंडल की अत्यधिक ठंडी ऊपरी परतों में जम जाता है।

यह जमी हुई बर्फ जब टूटकर नीचे गिरती है तो उसे ब्लू आइस कहा जाता है। हालांकि, आधुनिक विमानों में ऐसे रिसाव को रोकने के लिए कई सुरक्षात्मक उपाय किए जाते हैं, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण ऐसी घटनाए हो सकती हैं।चुंकि बदायूं के इस क्षेत्र में किसी भी तरह की ओलावृष्टि की सूचना नहीं थी, इसलिए शुरुआती तौर पर प्रशासन का ध्यान विमान से संबंधित एंगल पर केंद्रित है।

Exit mobile version