भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनसंघ के समय से ही भाजपा का कार्यकर्ता समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित भाव से काम करता आया है। पार्टी के संस्थापकों के सिद्धांतों और कार्यकर्ताओं की निष्ठा के कारण आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हुई है।वे सोमवार को मानसरोवर रामलीला मैदान में आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि भारत की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए हर राष्ट्रभक्त नागरिक को भाजपा से जुड़ना चाहिए।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने जनसंघ के पहले अध्यक्ष के रूप में देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का काम किया। उन्होंने उस समय कांग्रेस सरकार की नीतियों का विरोध करते हुए ‘एक देश में दो प्रधान, दो निशान और दो विधान नहीं चलेंगे’ का नारा दिया था।उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता के लिए अपना जीवन बलिदान कर दिया और उनकी सोच आज भी भाजपा के कार्यकर्ताओं को प्रेरणा देती है।
अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व को किया याद
मुख्यमंत्री ने कहा कि 6 अप्रैल 1980 को अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भाजपा का गठन हुआ था। उस समय परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण थीं, लेकिन पार्टी ने राष्ट्र सर्वोपरि के सिद्धांत के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि केवल 16 वर्षों में केंद्र की सत्ता तक पहुंचना जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम था।
कार्यकर्ताओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करने की अपील
सीएम योगी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि उनका जीवन केवल व्यक्तिगत हितों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास के लिए समर्पित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत उसके कार्यकर्ताओं का समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना है, जो देश को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
