Site icon News1India

आलिंगन विवाद में आया नया मोड़: महिला बोलीं- ‘ये साजिश है, जिलाध्यक्ष ने सिर्फ सहारा दिया’

Gonda

Gonda BJP video: गोंडा जिले में बीजेपी जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप और महिला नेता के कथित आलिंगन वाले वीडियो ने जबरदस्त हलचल मचा दी थी। पर अब इस मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। वीडियो में दिख रहीं महिला नेता ने खुद सामने आकर पूरे विवाद को राजनीतिक साजिश करार दिया है। उनका दावा है कि तबीयत बिगड़ने पर जिलाध्यक्ष ने केवल सहारा दिया था, जिसे गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। महिला ने अज्ञात लोगों के खिलाफ छपिया थाने में शिकायत दर्ज करवाई है और कहा है कि यदि आवश्यक हुआ तो महिला आयोग का भी दरवाजा खटखटाया जाएगा। वहीं जिलाध्यक्ष ने भी इस मामले को साजिश बताया है।

राजनीतिक साजिश की पटकथा?

Gonda जिले के छपिया की रहने वाली भाजपा महिला नेता ने वायरल वीडियो के मामले में नया रुख अख्तियार किया है। उन्होंने कहा कि 12 अप्रैल को वह लखनऊ से लौट रही थीं, तभी रास्ते में तबीयत बिगड़ गई। ऐसे में उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को फोन कर मदद मांगी। जिलाध्यक्ष उन्हें लेने बस अड्डे पहुंचे और पार्टी कार्यालय लेकर गए, जहां उन्हें चक्कर आ गया। इसी दौरान उन्होंने सहारा दिया, जिसका वीडियो अब साजिशन वायरल किया जा रहा है।

महिला नेता ने साफ किया कि उनका जिलाध्यक्ष से पारिवारिक संबंध है और इस वीडियो को कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने छपिया थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। महिला का कहना है कि अगर ये हरकतें नहीं रुकीं तो वे महिला आयोग से भी संपर्क करेंगी।

जिलाध्यक्ष की भी सफाई

विवाद में घिरे Gonda  भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप ने भी बयान जारी कर कहा कि महिला ने तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी, जिस पर उन्होंने उन्हें कार्यालय लाकर आराम करने दिया। इस दौरान चक्कर आने पर उन्हें सहारा देना पड़ा। कश्यप ने तंज कसते हुए कहा, “अगर किसी को सहारा देना गलत है तो मैंने गलती की है।”

पुलिस जांच में जुटी

Gonda के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि वीडियो वायरल मामले में पुलिस जांच कर रही है। पीड़िता के बयान के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। पुलिस अब वीडियो के वायरल होने की मंशा और जिम्मेदार लोगों की पहचान में जुटी है।

Nautapa 2025 पर मानसून का वार! दिल्ली-NCR में बारिश का अलर्ट, पहाड़ों से मैदान तक मौसम का बदलता मिजाज

Exit mobile version