Hathras Roadways Bus Accident: ट्रक में घुसी रोडवेज बस, चालक समेत 18 यात्री घायल, किसी की भी नहीं गई जान

हाथरस में अलीगढ़-आगरा रोड पर गुरुवार सुबह रोडवेज बस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। हादसा सिसोदिया ढाबे के पास हुआ, जिसमें चालक समेत 18 लोग घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर किया गया।

Hathras Roadways Bus Accident: चंदपा कोतवाली क्षेत्र में अलीगढ़-आगरा रोड पर गुरुवार सुबह करीब सात बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। अलीगढ़ से आगरा जा रही रोडवेज बस सिसोदिया ढाबे के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में चालक समेत 18 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही चंदपा कोतवाली थानाध्यक्ष योगेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

एंबुलेंस से अस्पताल भेजे गए घायल

पुलिस ने स्थानीय लोगों और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सीएचसी सादाबाद पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को आगरा रेफर कर दिया। वहीं बस चालक आनंद पुत्र प्रमोद निवासी पटियाली, कासगंज को बागला जिला अस्पताल हाथरस भेजा गया।

पुलिस के अनुसार हादसे में घायल सभी लोगों को सामान्य चोटें आई हैं। सीओ सादाबाद जेएन अस्थाना ने भी सीएचसी पहुंचकर घायलों का हाल जाना।

क्रेन से हटाई गई बस, लगा लंबा जाम

हादसे के बाद अलीगढ़-आगरा रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क पर क्षतिग्रस्त बस खड़ी होने के कारण यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।

ये यात्री हुए घायल

घायलों में नीरज उपाध्याय, राजवती, उदय सिंह, रेखा, रचना, काजल, पूनम, राजन श्री, कोमल, प्रियंका, मंजू, युग, माही, अखत, अखिता, तारावती, शिवानी और बस चालक आनंद शामिल हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

 

Exit mobile version