लखनऊ ऑनलाइन डेस्क। 28 दिन पहले 7 फेरे लिए। मांग पर सिंदूर लगाया और वृत रखा। ससुराल में पति के साथ कथा सुनी। फिर 20 मई को पति राजा रघुवंशी के साथ हनीमून पर शिलांग चली गई। लेकिन वहां से जो खबर आई, उसने पूरे देश को हिला कर रख दिया। पति राजा की डेडबॉडी गहरी खाई में मिली। पत्नी सोनम लापता थी। दो राज्यों की पुलिस सोनम की तलाश में एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए थी। मामला गृहमंत्री अमित शाह के दरवाजे तक पहुंचा। सीबीआई की जांच को लेकर मुहर लगने वाली थी। लेकिन अब 17 दिन बाद कहानी में आया जबरदस्त ट्विस्ट आया। सोनम जिंदा मिली, यूपी के गाजीपुर से पुलिस ने हिरासत में लिया, और खुलासे ने सभी को चौंका दिया।
इंदौर के रहने वाले राजा रघुवंशी की शादी 11 मई को सोनम के साथ हुई थी। 20 मई को दोनों शिलांग हनीमून के लिए रवाना हो गए। 22 मई को कपल नोंग्रियाट गांव के शिपारा होमस्टे में रुका। अगले दिन सुबह 6 बजे चेकआउट किया और तभी से दोनों के मोबाइल बंद हो गए। 24 मई को मवालखियत से करीब 25 किमी दूर ओसरा हिल्स की पार्किंग में स्कूटी लावारिस मिली। इसके बाद जंगल में राजा और सोनम का सामान मिला और 2 जून को राजा की लाश वेईसावडॉन्ग झरने के पास गहरी खाई में मिली। हाथ पर बने टैटू से पहचान हुई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। करीब 17 दिनों के बाद पुलिस ने सोनम को यूपी के गाजीपुर से अरेस्ट कर लिया।
सूत्रों के मुताबिक सोनम का पहले से किसी और युवक से अफेयर था और उसी के चलते पति राजा की हत्या की साजिश रची गई। राजा को प्रेमजाल में फंसाकर शिलांग ले जाया गया, जहां उसे सुनियोजित तरीके से मौत के घाट उतार दिया गया। सूत्र बताते हैं कि गिरफ्तारी से पहले सोनम ने अपने घर खुद कॉल किया था, जिसके बाद घर वालों ने इंदौर पुलिस को जानकारी दी। सोनम के साथ 3 आदमी भी गिरफ्तार हुए हैं, जो एमपी के ही रहने वाले हैं। सूत्र बताते हैं कि सोनम ने अपने परिवारवालों को पति राजा की हत्या की बात बताई। इसी के बाद पुलिस हरकत में आते हुए उसे दबोच लिया।
मेघालय के डीजीपी आई नोंनगरंग ने मीडिया को बताया कि सोनम और तीन लोगों को राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है। मावलाखियात के एक टूरिस्ट गाइड ने पहले ही दावा किया थी कि 23 मई को लापता होने से पहले कपल के साथ तीन अजनबी पुरुष भी थे। गाइड की गवाही के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया थी। इस केस के बारे में मेघालय मुख्यमंत्री कॉनराड के संगमा ने भी ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा कि इंदौर के राजा हत्याकांड में मेघालय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मध्य प्रदेश के रहने वाले 3 हमलावरों को गिरफ्तार किया गया है, महिला ने आत्मसमर्पण कर दिया है और एक अन्य हमलावर को पकड़ने के लिए अभियान अभी भी जारी है।
इंदौर के इस जोड़े के लापता होने का केस राजा का शव मिलने के बाद और उलझ गया था। दरअसल, भारी बारिश के बीच मेघालय पुलिस ने ड्रोन्स के जरिए राजा का शव ढूंढा। उनका शव बुरी तरह सड़ चुका था और चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। परिजनों ने एक टैटू के जरिए शव की पहचान की। हालांकि, राजा के शव के आसपास खोजबीन पर भी सोनम का कुछ पता नहीं चला। इतना ही नहीं राजा का शव वोइसाडोंग नाम की जगह पर मिला। इस खोज अभियान में एसडीआरएफ, स्पेशन ऑपरेशन टीम और एक माउंटेनियरिंग क्लब भी शामिल था। वोइसाडोंग में जहां शव मिला, वह जगह राजा-सोनम की तरफ से किराए पर ली गई स्कूटी की लोकेशन से 25 किलोमीटर की दूरी पर है।
यह फासला मामले में और शक बढ़ाने वाला बना। राजा के शव के पास से न उनका मोबाइल मिला, न पर्स, और न ही राजा की पहनी सोने की चेन और अंगूठी। सिर्फ उसकी स्मार्टवॉच ही कलाई पर बंधी मिली थी। इससे पहले बीते दिनों मामले एक महत्वपूर्ण खुलासा हुआ था। दरअसल, एक पर्यटक गाइड ने दावा किया था कि जिस दिन यह जोड़ा लापता हुआ, उस दिन उनके साथ तीन अन्य युवक भी थे। मावलाखियात के गाइड अल्बर्ट पैड ने बताया था कि उन्होंने दंपती को तीन पुरुष पर्यटकों के साथ 23 मई को सुबह 10 बजे के आसपास नोंग्रियात से मावलाखियात तक 3,000 से अधिक सीढ़ियां चढ़ते हुए देखा था।
अल्बर्ट ने कहा था कि वह इंदौर के दंपती को पहचानते हैं, क्योंकि उन्होंने एक दिन पहले उन्हें नोंग्रियात तक चढ़ने के लिए अपनी सेवाएं देने की पेशकश की थी, लेकिन उन्होंने मना कर दिया था और एक अन्य गाइड को किराये पर कर लिया था। उन्होंने बताया था कि चारों पुरुष आगे चल रहे थे, जबकि महिला पीछे थी। चारों पुरुष हिंदी में बातचीत कर रहे थे, लेकिन मैं समझ नहीं पाया कि वे क्या बोल रहे थे, क्योंकि मैं केवल खासी और अंग्रेजी ही जानता हूं। उन्होंने बताया कि उन लोगों ने शिपारा होमस्टे में रात बिताई और अगले दिन बिना गाइड के ही लौट आए।
अल्बर्ट ने दावा किया था कि जब मैं मावलाखियात पहुंचा, उनका स्कूटर वहां नहीं था। इंदौर के दंपती का किराये का स्कूटर मावलाखियात के पार्किंग स्थल से कई किलोमीटर दूर सोहरारिम में पाया गया और उसमें चाबी लगी हुई थीं। मेघायल पुलिस के डीजीपी ने बताया कि सोनम ने चार युवकों को पति की हत्या की सुपारी थी। चारों ने राजा का मर्डर किया और सोनम के साथ फरार हो गए। पुलिस की जांच में सामने आया है कि राजा हत्याकांड के बाद सोनम का बॉयफ्रेंड भी मौजूद था, जो फिलहाल फरार चल रहा है। मध्य प्रदेश पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि सोनम के आशिक का नाम राज कुशवाहा है।