Kasganj youth shot over dispute:कासगंज जनपद के गंजडुंडवारा कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।घायल युवक की पहचान नगला नारायण गांव निवासी विजितेंद्र (27) पुत्र अतर सिंह के रूप में हुई है।
सड़क पर टहलते समय हुई फायरिंग
परिजनों के अनुसार, विजितेंद्र शुक्रवार रात खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहा था। तभी गांव के ही जगमोहन अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली सीधे उसके माथे पर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
प्लॉट विवाद बना हमले की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमले के पीछे प्लॉट को लेकर पुराना विवाद था। इसी रंजिश में आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
तहरीर में चार आरोपी नामजद
पीड़ित के पिता अतर सिंह द्वारा दी गई तहरीर में जगमोहन, राहुल, सुरेश चंद्र और रामसेवक को नामजद किया गया है। आरोप है कि सभी ने एक राय होकर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर किया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। वही पुलिस अधीक्षक ओ पी सिंह के अनुसार पुलिस की टीमे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
हालत नाजुक, अलीगढ़ रेफर
घायल युवक को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया। वहां उसका इलाज जारी है।








