Lakhimpur Teacher Murder: लखीमपुर खीरी के चिल्ड्रेन एकेडमी स्कूल में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक हथियार लेकर स्कूल परिसर में पहुंच गया। करीब 11:30 बजे वह पहली मंजिल पर पहुंचा, जहां 26 वर्षीय शिक्षिका निशात फातिमा मौजूद थीं। पुलिस के मुताबिक युवक और शिक्षिका के बीच कुछ देर बातचीत और कहासुनी हुई।
शुरुआती जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान नौरंगाबाद निवासी 28 वर्षीय सऊद अंसारी के रूप में हुई है। वह स्कूल का कर्मचारी नहीं था। इसके बावजूद वह स्कूल परिसर में दाखिल होकर शिक्षिका तक पहुंच गया।
टीचर को मारी गोली
पुलिस के अनुसार बातचीत के दौरान सऊद ने तमंचे से निशात फातिमा को गोली मार दी। इसके तुरंत बाद उसने अपनी कनपटी पर भी गोली चला दी। दोनों को संभलने का मौका नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के समय स्कूल में बच्चे मौजूद थे। गोलियों की आवाज सुनते ही स्कूल में दहशत फैल गई। बच्चों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया और बाद में सभी बच्चों को घर भेज दिया गया।
प्रेम प्रसंग की जांच
पुलिस शुरुआती जांच में वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग का एंगल भी देख रही है। पुलिस के मुताबिक निशात फातिमा और सऊद अंसारी के घर के इलाके आसपास हैं। हालांकि वारदात की असली वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है।
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग के मुताबिक पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। स्कूल स्टाफ और घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।
स्कूल सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि स्कूल का कर्मचारी नहीं होने के बावजूद युवक हथियार लेकर परिसर के अंदर कैसे पहुंच गया। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कूल परिसर को सुरक्षित कर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस युवक के स्कूल में प्रवेश करने से लेकर गोली चलाने और फिर खुद को गोली मारने तक की पूरी कड़ी खंगाल रही है।






