महाराजगंज। शादियों के सीजन में जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक शादी में पहुंची एक महिला ने कुछ ऐसा दावा किया कि हंगामा मच गया। महिला पूरे पुलिस बल के साथ पहुंची थी। महिला ने दावा किया कि जिस लड़के की शादी हो रही है वो पहले से ही शादीशुदा है ऐसे में ये शादी नहीं हो सकती है। महिला का दावा सुनकर घराती और बराती सभी भौंचक रह गए। आखिरकार शादी की खुशियों पर पलीता लग गया और बारात को बैरंग वापस लौटना पड़ा।
गोरखपुर से आई थी बारात, फिर अचानक माहौल बदल गया
जनपद के नौतनवां कस्बे में गोरखपुर के शाहपुर से बारात आनी थी। हर ओर जश्न का माहौल था। लड़की पक्ष वाले भी बारात के स्वागत की तैयारी में जुटे थे और गीत संगीत चल रहा था। अचानक एक महिला साथ में पुलिसवालों के साथ दुल्हन के घर पहुंच गई। महिला ने दूल्हे पर शादीशुदा होने का आरोप लगाया तो सभी सन्न रह गए। लड़की के घर पहुंची इस महिला को दूल्हे की भाभी बताया जा रहा है। महिला के दावे के बाद दुल्हन के घरवाले हैरान परेशान हो गए। महिला अपने साथ गोरखपुर के शाहपुर थाने के पुलिसवालों के साथ पहुंची थी।
फिल्मी स्टाइल में मारी एंट्री और शादी का कर दिया कबाड़ा
दूल्हे की भाभी ने दुल्हन के घर पहुंचने के साथ ही दावा किया कि जिस लड़के से शादी की वो तैयारी में जुटे हैं वो ना केवल पहले से शादीशुदा है बल्कि उसकी शादी भी उसी महिला से हुई है। ये सुनकर लड़की के घरवाले परेशान हो गए। फिलहाल इस हंगामे के बाद शादी रोक दी गई है और आरोप लगाने वाली महिला ने नौतनवां थाने में भी तहरीर दी है। नौतनवां थाना प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह के मुताबिक लड़का पहले से शादीशुदा है और गोरखपुर में उसके खिलाफ एक केस भी चल रहा है। ऐसे में शादी रुकवाने के अलावा और कोई चारा नहीं था