Meerut में मछली विवाद या कुछ और? देर रात सरधना में बवाल, घायल, पुलिस भी निशाने पर

मेरठ के सरधना के सलावा गांव में मामूली विवाद ने देर रात हिंसक रूप ले लिया। दो संप्रदाय आमने-सामने आ गए, लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। 11 लोग घायल हुए, पुलिस पर भी हमला कर भीड़ ने तनाव और बढ़ा दिया।

Meerut

Meerut clash: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सरधना थाना क्षेत्र के सलावा गांव में मंगलवार देर रात मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। मछली पकड़ने के मुद्दे पर ठाकुर बिरादरी और मुस्लिम समुदाय के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमले में दोनों पक्षों के 11 लोग घायल हो गए, जिनमें पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। झगड़े के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस पर भी हमला हुआ। पुलिसकर्मी का डंडा छीनकर गाड़ी पर हमला किया गया। देर रात तक तनाव बढ़ने पर गांव को छावनी में बदल दिया गया और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

घटना मंगलवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार गांव के बाहर नाले के पास ठाकुर समाज के कुछ युवक मछली पकड़ रहे थे। तभी मुस्लिम समुदाय के कुछ लोग वहां से गुजरे। पूछताछ के दौरान जब युवकों ने मछली पकड़ने की बात बताई तो इस पर आपत्ति जताई गई। मामूली तकरार ने देखते ही देखते गाली-गलौज और हाथापाई का रूप ले लिया।

कुछ ही देर में दोनों ओर से लाठी-डंडे और धारदार हथियार चलने लगे। शोरगुल सुनकर गांव की महिलाएं भी बीच-बचाव के लिए पहुंचीं, लेकिन भीड़ ने उनकी बात नहीं मानी। धीरे-धीरे अधिक लोग इकट्ठा हो गए और हालात और बिगड़ते गए।

लखनऊ में भारी बारिश के बीच गिरे विशाल पेड़ ने ली एक जान, 4 घायल

इसी बीच सूचना पर सरधना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। Meerut पुलिस ने हालात संभालने की कोशिश की, लेकिन भीड़ ने पुलिस को भी निशाना बना लिया। एक युवक ने पुलिसकर्मी की लाठी छीनकर दूसरे पक्ष को ले जा रही गाड़ी पर हमला कर दिया। गाड़ी को घेरकर पुलिसकर्मियों को भी पीटा गया, हालांकि पुलिस ने किसी तरह गाड़ी निकालकर बड़ी अनहोनी होने से टाल दी।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी देहात डॉ. राकेश कुमार मिश्रा और सीओ सरधना मौके पर पहुंचे। आसपास के कई थानों की फोर्स और पीएसी तैनात कर दी गई। देर रात तक गांव छावनी में बदल गया और पुलिस लगातार गश्त करती रही।

Meerut पुलिस के मुताबिक घायलों में ठाकुर समाज के कपिल, प्रिंस उर्फ छोटू, शिवम, अमरपाल सिंह, रवि, विनीत, अनिल और राहुल शामिल हैं, जबकि मुस्लिम पक्ष के सत्तार, अबरार और आरिफ घायल हुए हैं। पुलिस का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और दोनों पक्षों से बयान लेकर जांच की जा रही है।

Exit mobile version