News1India

Meerut: पत्नी ने किया पति पर दर्ज मुकदमा वापस लेने से इंकार, जालिम बाप ने जला डाला 2 साल की बेटी का हाथ

मेरठ के लिसाड़ीगेट में एक रुह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक जालिम बाप ने अपनी दो साल की मासूम बच्ची का हाथ जला दिया और मायके में रह रही पत्नी के पास बच्ची को फेक कर फरार हो गया। आरोपी पति के खिलाफ पत्नी ने पुलिस को तहरीर दी है। जिसके बाद पुलिस मामले में जांच कर रही है।

क्या है पूरा मामला

दरअसल मजीद नगर की रहने वाली नूरसबा की शादी सोनू उर्फ हाशिम के साथ हुई थी। नुरसबा और हाशिम की एक बेटी और एक बेटा है। नुरसबा ने बताया कि पति सोनू हाशिम उसके साथ दहेज की मांग को लेकर मारपीट करता था। जिसके बाद नुरसबा ने पति की मारपीट से तंग आकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

पुलिस ने पति सोनू को जेल भेज दिया था। जेल से आने के बाद पति नुरसबा पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था और नुरसबा के बेटे और बेटी को जलाकर मारने की धमकी दे रहा था।

बेटी को जली हुई हालत में पत्नी के पास मायके में फेंककर फरार हुआ युवक

नुरसबा ने बताया कि मुकदमा वापस नहीं लेने पर नुरसबा की दो साल की बेटी अल्फीशा को आरोपी पति ने जला कर मारने की कोशिश की। फिर मासूम बच्ची अल्फीशा को जली हुई हालात में नुरसबा के मायके में उसके पास फेंककर फरार हो गया। घायल बच्ची को लेकर मां नुरसबा थाने लेकर पहुंची और पति के खिलाफ पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने कार्यवाही करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह का कहना है कि आरोपी सोनू को गिरफ्तार कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।

Exit mobile version