Site icon News1India

मेरठ की मीनाक्षी और लायवा ने उड़ाई “ड्रोन चोरों” की अफवाह, अब खुद मुसीबत में फंसे 

UP News

UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में मेरठ की ब्रह्मपुरी पुलिस ने दो महिला यूट्यूबर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जिन्होंने इंस्टाग्राम पर ड्रोन चोरों से जुड़ी मनगढ़ंत कहानियाँ प्रसारित कर लोगों के बीच दहशत और भ्रम का माहौल बना दिया।

पहला मामला रसीद नगर, खत्ता रोड निवासी लायवा पुत्री यामीन का है, जो एमएससी की छात्रा है और सोशल मीडिया पर काफ़ी सक्रिय रहती है। उसके इंस्टाग्राम पर लगभग 80,000 फॉलोअर्स हैं। लायवा ने एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें उसने रात करीब तीन बजे ड्रोन उड़ाने वाले चोर को पकड़ने का दावा किया।

दूसरा मामला सरस्वती लोक की मीनाक्षी पत्नी विनय कुमार से जुड़ा है, जिनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 70,000 से अधिक फॉलोअर्स हैं। मीनाक्षी ने भी इसी तरह का एक वीडियो साझा किया जिसमें ड्रोन चोरों को लेकर झूठी जानकारी दी गई। इन दोनों वीडियो ने सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होकर लोगों में डर और अफवाह का माहौल खड़ा कर दिया। ब्रह्मपुरी पुलिस ने दोनों महिलाओं को थाने बुलाकर पूछताछ की और एफआईआर दर्ज करने के बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।

यह भी पढ़ें : Donald Trump का बना ‘निवास प्रमाण पत्र’, बिहार में SIR के दौरान…

साथ ही, उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स को ब्लॉक कराने के लिए फेसबुक और यूट्यूब को औपचारिक पत्र भेजा गया है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि कुछ यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर केवल लाइमलाइट में आने के लिए झूठी और गुमराह करने वाली सामग्री फैला रहे हैं, जिससे सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। ऐसे मामलों पर पुलिस की कड़ी नजर है और यदि जरूरत पड़ी तो राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) या गैंगस्टर एक्ट जैसी कठोर धाराओं के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version