Premanand Maharaj : वृंदावन के प्रेमानंद महाराज आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। देश-विदेश से लोग उन्हें सुनने आते हैं और अपनी जिंदगी की समस्याएं साझा करते हैं, जिन्हें सुनकर वे उन्हें समाधान भी बताते हैं। हाल ही में, प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा विवादों में रही है, लेकिन इस बीच उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे एक महिला के पैर छूते हुए जमीन पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सबसे पहला सवाल यह उठ रहा है कि यह महिला कौन हैं और महाराज जी क्यों उनके पैर छू रहे हैं?
महिला कौन हैं?
दरअसल, यह वीडियो हाल ही में इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया था, जिसमें एक नवविवाहित जोड़ा नजर आ रहा है। वीडियो में प्रेमानंद महाराज महिला के पैर छूते हुए दिखाई दे रहे हैं और उन्हें माला भी उपहार में दे रहे हैं। जानकारी के अनुसार, महाराज जी कुछ समय पहले अपने गुरुजी की बेटी के विवाह समारोह में शामिल हुए थे।
देखने को मिला महाराज का नया रूप
पहले उन्होंने अपने गुरु से आशीर्वाद लिया, फिर नवविवाहित जोड़े को एक सुखी और समृद्ध जीवन की शुभकामनाएं दीं। इस वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया यूजर्स के अलग-अलग प्रतिक्रिया देखने को मिल रही हैं। एक यूजर ने महिला को भाग्यशाली बताया, वहीं दूसरे ने महाराज जी की तारीफ करते हुए कहा कि इस बार उन्हें उनका एक नया रूप देखने को मिला।
यह भी पढ़ें : वनडे में इतिहास रचने के करीब विराट कोहली, ऐसा करते ही तोड़ देंगे मोहम्मद अजहरुद्दीन का वर्ल्ड रिकॉर्ड
प्रेमानंद महाराज कौन हैं?
प्रेमानंद महाराज का असली नाम अनिरुद्ध कुमार पांडे है। वे एक प्रसिद्ध संत और आध्यात्मिक गुरु हैं। उनका जन्म 1972 में उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक ब्राह्मण परिवार में हुआ था। मात्र 13 साल की उम्र में उन्होंने संन्यास लेने का निर्णय लिया और घर छोड़कर आध्यात्मिक यात्रा पर निकल पड़े। तब से वे धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यों में लगे हुए हैं और लाखों लोगों के जीवन में परिवर्तन ला रहे हैं।