Prateek Yadav Passed Away: समाजवादी पार्टी प्रमुख Akhilesh Yadav के छोटे भाई प्रतीक यादव का निधन हो गया है। इस खबर के सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें तुरंत लखनऊ के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, उनकी मौत हार्ट अटैक या ब्रेन हेमरेज की वजह से हो सकती है। हालांकि, मौत की असली वजह जानने के लिए पोस्टमार्टम कराने की तैयारी की गई है। परिवार और करीबी लोगों के लिए यह खबर बेहद दुखद और चौंकाने वाली है।
फिटनेस को लेकर थे बेहद जागरूक
प्रतीक यादव फिटनेस की दुनिया में एक जाना-पहचाना नाम थे। वह ‘फिटनेस प्लैनेट’ जिम के मालिक थे और अपनी हेल्थ को लेकर काफी सजग रहते थे। नियमित एक्सरसाइज और फिट लाइफस्टाइल को लेकर लोग उन्हें जानते थे। ऐसे में उनकी अचानक मौत की खबर ने हर किसी को हैरान कर दिया।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं चल रही थी, लेकिन बीमारी को लेकर कोई साफ जानकारी सामने नहीं आई थी। सिर्फ 38 साल की उम्र में उनके निधन ने परिवार और चाहने वालों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पशुओं की सेवा में भी रहते थे आगे
प्रतीक यादव सिर्फ फिटनेस बिजनेस तक ही सीमित नहीं थे। वह ‘जीव आश्रय’ नाम की संस्था भी चलाते थे। यह संस्था सड़क पर रहने वाले घायल और बीमार कुत्तों के इलाज, देखभाल और रेस्क्यू का काम करती थी। पशुओं के प्रति उनका लगाव लोगों के बीच काफी चर्चा में रहता था।
उनकी इस सामाजिक पहल की वजह से कई लोग उन्हें एक संवेदनशील और मददगार इंसान के रूप में जानते थे। उनके निधन से संस्था से जुड़े लोग भी काफी दुखी हैं।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
प्रतीक यादव अपने पीछे पत्नी Aparna Yadav और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल बताया जा रहा है। जैसे ही निधन की खबर फैली, लखनऊ के सिविल अस्पताल में नेताओं, समर्थकों और करीबी लोगों का पहुंचना शुरू हो गया।
जानकारी के मुताबिक, देर रात उन्हें हल्की परेशानी महसूस हुई थी। शुरुआत में स्थिति सामान्य लगी, लेकिन अचानक तबीयत ज्यादा खराब हो गई। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। प्रतीक यादव के असमय निधन से यादव परिवार के साथ-साथ उनके चाहने वालों में भी गहरा दुख है। सोशल मीडिया पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और परिवार को हिम्मत देने की बात कह रहे हैं।








