प्रतीक यादव पंचतत्व में विलीन, भैंसा कुंड घाट पर नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई ,ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने दी मुखाग्नि

प्रतीक यादव का भैंसा कुंड घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने मुखाग्नि दी, जबकि पत्नी अपर्णा यादव और बेटियों की मौजूदगी ने माहौल को बेहद भावुक बना दिया।

Prateek Yadav Last Rites

Prateek Yadav Last Rites:समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार को लखनऊ के भैंसा कुंड घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम यात्रा में समाजवादी पार्टी और भाजपा दोनों दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूरे यादव परिवार के साथ प्रदेश की राजनीति से जुड़े कई बड़े चेहरे अंतिम विदाई में शामिल हुए।

ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने दी मुखाग्नि

दोपहर करीब दो बजे प्रतीक यादव पंचतत्व में विलीन हो गए। उनके ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने उन्हें मुखाग्नि दी। इससे पहले अटकलें लगाई जा रही थीं कि मुखाग्नि उनकी बेटियां या परिवार का कोई सदस्य देगा। अंतिम संस्कार के दौरान पत्नी अपर्णा यादव और उनकी दोनों बेटियां भी मौजूद रहीं। बेटियों ने चिता पर लकड़ी रखकर पिता को अंतिम विदाई दी, जिसने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया।

अचानक तबीयत बिगड़ने से हुई थी मौत

डॉक्टरों के अनुसार प्रतीक यादव पल्मोनरी एम्बोलिज्म नाम की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। इस बीमारी में फेफड़ों की नसों में खून का थक्का फंस जाता है, जिससे ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कार्डियक अरेस्ट को मौत की वजह बताया गया है। बुधवार सुबह तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

सुबह से ही भैंसा कुंड घाट पर अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हो गई थीं। चिता के लिए आम की लकड़ियां मंगाई गईं और नगर निगम की टीम को व्यवस्था में लगाया गया। पंडित ध्रुव कुमार तिवारी ने पूरे विधि-विधान से अंतिम संस्कार कराया। प्रतीक यादव की अंतिम यात्रा सुबह करीब 11:43 बजे शुरू हुई, जिसमें अखिलेश यादव, शिवपाल यादव, धर्मेंद्र यादव और अर्जुन यादव समेत पूरा परिवार शामिल रहा।

राजनीतिक दलों ने दी श्रद्धांजलि

अंतिम संस्कार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, सांसद डिंपल यादव और कई वरिष्ठ नेता पहुंचे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह ने भी शव को कंधा दिया। राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सभी नेताओं ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Exit mobile version