सीएम योगी ने बिना पूरा बयान सुने किया ट्वीट, विंग कमांडर पर विवाद के बीच रामगोपाल की सफाई

विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर विवादित टिप्पणी के बाद समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव ने सफाई दी है। उन्होंने सीएम योगी पर बिना बयान सुने प्रतिक्रिया देने का आरोप लगाया और भाजपा पर जातिवाद फैलाने का दावा किया।

Ramgopal Yadav

Ramgopal Yadav On Vyomika Singh: विंग कमांडर व्योमिका सिंह पर विवादित टिप्पणी कर घिरे समाजवादी पार्टी के महासचिव रामगोपाल यादव ने अब सफाई दी है। उन्होंने शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट के ज़रिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि उन्होंने पूरा बयान सुने बिना ही ट्वीट कर प्रतिक्रिया दे दी। साथ ही रामगोपाल ने भाजपा पर जाति-धर्म के आधार पर कार्रवाई करने और सेना के अफसरों को भी जातिगत चश्मे से देखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर विंग कमांडर की जाति गालीबाजों को पहले से पता चलती तो वे उन्हें भी गालियां देने से नहीं चूकते।

रामगोपाल ने जातीय टिप्पणी पर दी सफाई

मुरादाबाद में ऑपरेशन सिंदूर पर बयान के दौरान विंग कमांडर व्योमिका सिंह की जाति का उल्लेख करने पर उठे विवाद के बाद शुक्रवार को रामगोपाल यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सफाई दी। उन्होंने लिखा कि उत्तर भारत, विशेषकर उत्तर प्रदेश में जाति, धर्म और वर्ग देखकर कार्रवाई होती है। उन्होंने कहा, “ऐसे लोगों की मानसिकता को उजागर करने के लिए मैंने कहा था कि कर्नल सोफिया कुरैशी का नाम सुनते ही उन्हें गाली दी गई, विदेश सचिव विनय क्वात्रा ‘मिस्त्री’ को भी नहीं बख्शा गया।”

Ramgopal Yadav ने आगे कहा, “अगर इन गालीबाजों को पता चल जाता कि व्योमिका सिंह जाटव हैं और एयर मार्शल अवधेश भारती यादव हैं तो वे इन अफसरों को भी गालियां देने से नहीं चूकते।”

सीएम योगी ने किया था तीखा हमला

Ramgopal Yadav के बयान के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने लिखा था, “सेना की वर्दी को जातिवादी चश्मे से नहीं देखा जाता। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव द्वारा एक वीरांगना बेटी को जाति की परिधि में बांधना उनकी संकुचित सोच का परिचायक है और सेना के शौर्य का अपमान है।”

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और अन्य भाजपा नेताओं ने भी रामगोपाल पर ओछी मानसिकता का आरोप लगाया था।

विवाद पर सियासी संग्राम तेज

Ramgopal Yadav की टिप्पणी को लेकर भाजपा और सपा के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। सपा जहां इसे सामाजिक न्याय की बहस बता रही है, वहीं भाजपा इसे सेना के सम्मान के साथ खिलवाड़ मान रही है। अब देखना होगा कि ये विवाद आगामी चुनावी माहौल को कितना प्रभावित करता है।

Exit mobile version