नोएडा, 13 मार्च, 2025 : संस्कार टीवी ने 2025 के भव्य होली महोत्सव (Sankar TV Holi Mahotsav 2025) का आयोजन किया, जिसमें भक्ति, उल्लास और होली के रंगों का अद्भुत समागम देखने को मिला। यह तीन दिवसीय उत्सव फिल्म सिटी के संस्कार परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें भजनों की बौछार और आध्यात्मिक संगीत से वातावरण को भक्ति और उल्लास से भर दिया गया।
ललित दीक्षित के भजन से हुई उत्सव की शुरुआत
11 मार्च को उत्सव (Sankar TV Holi Mahotsav 2025) की शुरुआत प्रसिद्ध भजन गायक ललित दीक्षित के भजनों के साथ हुई। उनकी प्रस्तुति ने श्रोताओं को बृज की हृदयस्थली में पहुंचा दिया और होली के संगीतमय रंगों से वातावरण को सजीव किया। भजनों की लय पर नृत्य करते हुए उपस्थित भक्तों ने इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन में अपने उल्लास का इजहार किया। पहले दिन युवा सूफी गायक सत्येंद्र वर्मा ने भी अपनी भक्ति गीतों से माहौल को आध्यात्मिक रंगों से भर दिया।
कैसी थी दूसरे दिन की झलक ?
12 मार्च को होली महोत्सव का दूसरा दिन भक्तिमय माहौल में शुरू हुआ। सुबह के सत्र में किशोरी कनिष्का ने श्री कृष्ण और राधा रानी के प्रेम प्रसंगों पर आधारित होली गीतों के साथ श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शाम को वैष्णवी शीशवाल ने अपनी मधुर आवाज से भक्तों को चमत्कृत किया। उनके बाद इंद्रजीत निक्कू ने भी अपनी भव्य प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों को ध्यानमग्न कर दिया।
तीसरे दिन हुई बाबा चित्र विचित्र जी महाराज की आकर्षक प्रस्तुति
13 मार्च को होली महोत्सव के अंतिम दिन भजन सम्राट बाबा चित्र विचित्र जी महाराज ने अपने लोकप्रिय भजनों से दर्शकों का दिल जीत लिया। उनके भव्य भजनों ने भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद रवीश मिश्रा, महावीर शर्मा और जतिन अग्रवाल ने अपने सुरों से समापन सत्र में भक्तों को नाचने और होली के उल्लास में डूबने का अवसर दिया।
यह भी पढ़ें : सोने की कीमत ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, 91,000 रुपये के ऐतिहासिक स्तर को किया पार…
संस्कार टीवी ने दिया विशेष संदेश
कार्यक्रम के दौरान संस्कार टीवी के सीईओ मनोज त्यागी ने कहा, “होली केवल उल्लास और उमंग का पर्व नहीं है, बल्कि यह भक्ति, आस्था और संस्कारों का पर्व भी है। इस महोत्सव का आयोजन इस बात का प्रतीक है कि हम अपनी संस्कृति, विरासत और परंपराओं से गहरे जुड़े हुए हैं और इसे पूरी दुनिया तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।”
सोशल मीडिया पर महोत्सव का हुआ लाइव प्रसारण
इस महोत्सव का प्रसारण संस्कार टीवी, सत्संग टीवी और शुभ टीवी पर किया गया, साथ ही इसे विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर लाइव स्ट्रीम भी किया गया। इस लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से भारत और दुनियाभर के लाखों लोग इस आध्यात्मिक और सांस्कृतिक उत्सव का हिस्सा बने और इसकी भव्यता की सराहना की। कार्यक्रम को https://app.sanskargroup.in/ के माध्यम से भी देखा गया, जिससे और अधिक लोगों को इस अद्भुत भक्ति महोत्सव का अनुभव हुआ।