Site icon News1India

सड़क खोदाई में बनी मौत की जाल: यूपी में गड्ढे में डूबे 3 मासूम, गांव में मचा मातम

Bahraich

Bahraich accident: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में सड़क चौड़ीकरण के दौरान हुई लापरवाही तीन मासूमों की जिंदगी पर भारी पड़ गई। सोमवार को भारी बारिश के बाद सड़क निर्माण के लिए की गई मिट्टी खुदाई से बने गड्ढे में पानी भर गया था, जिसमें खेलते-खेलते दो सगे भाइयों समेत तीन मासूम डूब गए। हादसा होते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना Bahraich के विशेश्वरगंज थाने के ग्राम पंचायत बड़ा निजाम के मजरे सुजानडीह की है। तीनों बच्चों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रशासन ने सहायता का आश्वासन दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

खेलते-खेलते मौत के मुंह में समा गए तीन मासूम

गांव के बाहर खेतों में सलमान अली और मंगरे दर्जी अपने परिवार के साथ धान की पौध रोपाई कर रहे थे। सलमान अली के दो बेटे, 11 वर्षीय दस्तगीर और 7 वर्षीय मकसूद आलम, मंगरे दर्जी के बेटे 8 वर्षीय जैनुल आब्दीन के साथ सड़क किनारे खेलते-खेलते उस जगह पहुंच गए जहां सड़क ऊंची करने के लिए मिट्टी खुदाई हुई थी। बारिश के कारण खुदे हुए गड्ढे में पानी भर गया था। खेलते-खेलते तीनों बच्चे कब उस गहरे पानी में चले गए, किसी को पता भी नहीं चला। जब बच्चों की तलाश शुरू हुई तो ग्रामीणों ने गड्ढे में उतरकर उन्हें बाहर निकाला और Bahraich  अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

दिल्ली से लौटे पिता का टूटा सपना

मंगरे दर्जी मजदूरी करने के लिए दिल्ली में रहते थे और दो महीने पहले मोहर्रम के लिए गांव लौटे थे। मंगरे के दो बेटे थे, जिनमें से बड़ा बेटा आबिद घर पर था और छोटा बेटा जैनुल खेलते-खेलते अपने दोस्तों के साथ गड्ढे में जा गिरा। मंगरे दर्जी अपने आंसू रोक नहीं सके और बोले कि उनका बेटा हमेशा के लिए उन्हें छोड़ गया। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

प्रशासन ने दिया सहायता का आश्वासन

घटना की सूचना मिलते ही Bahraich  उपजिलाधिकारी पयागपुर अश्विनी पांडे, तहसीलदार और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि उन्हें हरसंभव आर्थिक सहायता दी जाएगी। प्रशासन की तरफ से आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गांववालों ने सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाया है और इस हादसे की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।

Lucknow में सड़क किनारे की जमीन के दाम हुए ‘सोने’ जैसे, रियल एस्टेट बाजार में हलचल

Exit mobile version