UP By Election : उत्तर प्रदेश में होने वाले 10 विधानसभा सीटों के उपचुनाव में भाजपा ने 9 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है। एक सीट राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के लिए छोड़ी जाएगी, जो मीरापुर सीट है। यह सीट 2022 में भी RLD के कब्जे में थी। रविवार को दिल्ली में भाजपा की बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया, जिसमें केंद्रीय नेतृत्व, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
नए चेहरों को मिलेगा मौका
बैठक में तय किया गया कि भाजपा नए चेहरों को मौका देगी और उम्मीदवारों के नाम की घोषणा चुनाव अधिसूचना जारी होने के बाद की जाएगी। इन सीटों पर जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए नए उम्मीदवार उतारे जाएंगे। संभवतः 20 अक्टूबर तक अधिसूचना जारी हो सकती है।
प्रदेश भाजपा द्वारा भेजे गए प्रत्याशियों के पैनल पर बैठक में चर्चा हुई। कुछ सीटों के नाम तय किए गए, लेकिन कटेहरी, मझंवा, और मिल्कीपुर जैसी सीटों पर अभी निर्णय लंबित है। इन सीटों पर पिछड़े वर्ग के नेताओं को मौका देने पर जोर दिया गया है।
यह भी पढ़ें : समाजवादी पार्टी के कार्यक्रम में हंगामा, कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट और गाली-गलौज
संजय निषाद की मांग
कटेहरी और मझंवा सीटों पर संजय निषाद की पार्टी की दावेदारी है, लेकिन भाजपा केवल एक सीट देने के पक्ष में है। निषाद ने गठबंधन धर्म के पालन की मांग की है, यह तर्क देते हुए कि 2022 में उनकी पार्टी को ये सीटें दी गई थीं, और इस बार भी उन्हें मिलनी चाहिए।
बैठक में बताया गया कि प्रचार का पहला चरण पूरा हो चुका है। भाजपा नेताओं ने भरोसा जताया है कि 8-9 सीटें जीती जाएंगी। सपा और बसपा की रणनीतियों पर भी विचार किया गया, खासकर उन सीटों पर जो सपा के कब्जे में हैं।