UP Final Voter List 2026 Released: उत्तर प्रदेश में लंबे समय से चल रहा स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान अब पूरा हो गया है। इसके बाद राज्य की फाइनल वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है। नवदीप रिणवा ने इस सूची को आधिकारिक तौर पर जारी किया।इस बार मतदाताओं की संख्या में बड़ा इजाफा देखने को मिला है, जिससे साफ है कि ज्यादा लोग चुनाव प्रक्रिया से जुड़ रहे हैं।
कितने बढ़े नए वोटर
आंकड़ों के अनुसार, 6 जनवरी को जारी ड्राफ्ट लिस्ट में करीब 12 करोड़ 55 लाख मतदाता थे। अब फाइनल लिस्ट में यह संख्या बढ़कर 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 हो गई है। यानी इस पूरे अभियान के दौरान लगभग 84 लाख नए वोटर जुड़े हैं, जो एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
मतदाताओं का पूरा आंकड़ा
नई वोटर लिस्ट के अनुसार कुल मतदाताओं की संख्या 13,39,84,792 है। इसमें पुरुष मतदाता 7,30,71,061 हैं, जो कुल का 54.54 प्रतिशत हैं। वहीं महिला मतदाता 6,09,09,525 हैं, यानी 45.46 प्रतिशत। थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 4,206 दर्ज की गई है। 18 से 19 साल के नए वोटरों की संख्या 17,63,360 है, जो कुल का 1.32 प्रतिशत है। राज्य का लिंगानुपात 834 बताया गया है।
किन जिलों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
इस अभियान के दौरान कई जिलों में मतदाताओं की संख्या तेजी से बढ़ी है। प्रयागराज में सबसे ज्यादा 3,26,421 नए मतदाता जुड़े। इसके बाद लखनऊ में 2,85,961, बरेली में 2,57,921, गाजियाबाद में 2,43,066 और जौनपुर में 2,37,590 नए वोटर जुड़े हैं।
विधानसभा क्षेत्रों में इजाफा
अगर विधानसभा क्षेत्रों की बात करें, तो साहिबाबाद में सबसे ज्यादा 82,989 मतदाता बढ़े हैं। इसके बाद जौनपुर, लखनऊ पश्चिम, लोनी और फिरोजाबाद में भी बड़ी संख्या में नए वोटर जुड़े हैं।
यह आंकड़े बताते हैं कि शहरी और अर्ध-शहरी इलाकों में खास तौर पर वोटरों की संख्या बढ़ी है।
कैसे चला पूरा अभियान
नवदीप रिणवा ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत 27 अक्टूबर को हुई थी और 4 नवंबर से जमीनी काम शुरू हुआ। 26 दिसंबर तक गणना पूरी हुई, जिसके बाद 6 जनवरी से दावे और आपत्तियां ली गईं।
करीब 166 दिनों तक चले इस अभियान में 3 करोड़ से ज्यादा लोगों को नोटिस भेजे गए और सभी राजनीतिक दलों ने सहयोग किया।
अगर नाम नहीं है तो क्या करें
अगर किसी पात्र व्यक्ति का नाम अभी भी वोटर लिस्ट में नहीं है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे लोग चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाकर फॉर्म-6 भर सकते हैं और अपना नाम जुड़वा सकते हैं।







