Up News : ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर युवक की गोली मारकर हत्या, SP ने चार पुलिसकर्मी किए सस्पेंड

बलिया में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के नजदीक नीरूपुर चट्टी पर सुनील चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि यह वारदात पुराने विवाद से जुड़ी है। मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने पर चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

UP News

UP News : उत्तर प्रदेश के बलिया ज़िले से शनिवार की शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पास नीरूपुर चट्टी पर 30 वर्षीय सुनील चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार पुलिसकर्मियों को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल निलंबित कर दिया।

सस्पेंड किए गए पुलिसकर्मियों में उपनिरीक्षक रवि वर्मा, उपनिरीक्षक उदय प्रताप सिंह, मुख्य आरक्षी अरविंद यादव और आरक्षी अजय यादव शामिल हैं। पुलिस प्रशासन के अनुसार, यह हत्या एक पुराने आपसी विवाद से जुड़ी हुई है, जिसमें समय रहते आवश्यक कानूनी कदम नहीं उठाए गए थे। इसी लापरवाही को लेकर चारों अधिकारियों पर गाज गिरी है।

गोली लगने से हुई मौत

शनिवार की शाम डायल 112 को सूचना मिली कि एक युवक को गोली लगी है और उसे परिजन गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे हैं। मौके पर पहुंचे एसपी ओमवीर सिंह ने अस्पताल जाकर पूरे मामले की जानकारी ली। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि युवक की मौत गोली लगने से हो चुकी थी। मृतक की पहचान सुनील चौधरी के रूप में हुई, जो पेशे से टेंट व्यवसायी था और हाल ही में अप्रैल 2025 में शादी हुई थी।

केक काटने के बाद झगड़े की चपेट में आया सुनील

परिजनों और साथियों के मुताबिक, सुनील एक बच्चे के जन्मदिन समारोह से लौट रहा था। जन्मदिन की छोटी सी पार्टी ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के किनारे हुई थी। केक काटने के बाद जैसे ही सुनील अपने साथियों के साथ नीरूपुर चट्टी पर रुका, वहां दो पक्षों के बीच झगड़ा चल रहा था। झगड़े के दौरान अचानक फायरिंग हुई और एक गोली सुनील को जा लगी, जिससे वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। साथी तुरंत उसे अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह हत्या चैनछपरा और रैपुरा गांवों के बीच चल रहे पुराने विवाद का हिस्सा हो सकती है।

यह भी पढ़ें : CM योगी ने यूपी में नमो मैराथोन का किया शुभारंभ…

फरवरी 2025 में लक्ष्मीनारायण चौबे और पंकज राय नामक दो पक्षों के खिलाफ पुलिस में शिकायतें और मुकदमे दर्ज हुए थे। माना जा रहा है कि इसी लंबे समय से चल रहे तनाव ने अब खूनी रूप ले लिया है, और सुनील इस रंजिश का अनजाने में शिकार बन गया।सुनील तीन भाइयों में एक था और हाल ही में उसका विवाह हुआ था। बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है, जबकि गांव में सन्नाटा और आक्रोश फैला हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

Exit mobile version