Site icon News1India

Weather Forecast : दिल्ली से गुजरात तक लू का असर, यूपी में बारिश के आसार, जानें आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम का हाल ?

Weather Forecast

Weather Forecast : इन दिनों देशभर में मौसम के तेवर लगातार बदलते नज़र आ रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कुछ राज्यों में भीषण गर्मी यानी हीटवेव का अलर्ट जारी किया है, वहीं कई क्षेत्रों में बारिश और तेज़ आंधी-तूफान की चेतावनी दी गई है। राजधानी दिल्ली में लू चलने की आशंका जताई गई है और अनुमान है कि गुरुवार, 17 अप्रैल को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।

दिल्ली में आज अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 220 दर्ज किया गया है, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। दिल्ली के अलावा पश्चिमी मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और गुजरात में 18 अप्रैल तक लू का असर बना रह सकता है। उधर, पंजाब के मोहाली और अमृतसर में सुबह तेज़ हवाओं के साथ बारिश हुई, जबकि हिमाचल प्रदेश के शिमला में ओले गिरने की खबर है।

क्या उत्तर प्रदेश में भी होगी बारिश?

आईएमडी ने उत्तर प्रदेश के 10 जिलों में बारिश और आंधी-तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है। वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, कौशाम्बी, प्रयागराज, भदोही, चंदौली, चित्रकूट, मिर्जापुर और सोनभद्र में आज बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है। 19 और 20 अप्रैल को भी मौसम में बदलाव की उम्मीद जताई गई है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। हालांकि, पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

दक्षिण भारत भी बदलेगा मौसम का रंग

दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। तमिलनाडु, केरल, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। तेलंगाना के कुछ जिलों में भी एक-दो स्थानों पर तेज बारिश के आसार हैं। इन सभी क्षेत्रों के लिए अगले 24 घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें : मिलिए ग्रहों के ‘राजकुमार’ से, जिनके प्रसन्न होने पर धन-दौलत से भर जाती है…

कोंकण और गोवा में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि मध्य महाराष्ट्र और दक्षिणी गुजरात के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी के आसार हैं। मध्य प्रदेश में भी IMD ने हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो सिक्किम, ओडिशा, लक्षद्वीप और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश के संकेत हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भी बारिश हो सकती है।

पहाड़ी राज्यों में मौसम का कैसा असर ?

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 16 से 20 अप्रैल के बीच एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभावी रहने की संभावना है। इसके चलते कई क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। इस मौसमी प्रणाली का असर उत्तराखंड में भी दिखेगा, जहां कुछ जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं। इसके साथ ही 18 और 19 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगिट-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

Exit mobile version