Uttarakhand Election 2027: 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड की सियासत में हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बड़ा बयान देते हुए साफ कर दिया है कि आगामी चुनाव मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही प्रदेश में नई कार्यकारिणी का गठन होने वाला है, जिसके लिए जिलों में कार्य समितियों के गठन का काम तेजी से चल रहा है। आपदा प्रभावित जिलों को छोड़कर बाकी जिलों में जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा भी होगी। भट्ट ने साथ ही संकेत दिए कि Uttarakhand में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भी जल्द बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
प्रदेश में नई टीम के गठन की तैयारी
Uttarakhand भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड में पार्टी की नई कार्यकारिणी जल्द घोषित की जाएगी। जिलों में कार्य समितियों के गठन का काम तेजी से चल रहा है और एक-दो दिनों में यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। आपदा प्रभावित जिलों में यह काम थोड़ी देर से होगा, लेकिन बाकी जिलों में लगभग तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसके बाद प्रदेश कार्यकारिणी की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
कैबिनेट विस्तार पर जल्द होगा निर्णय
महेंद्र भट्ट ने धामी सरकार में कैबिनेट विस्तार के संकेत भी दिए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस विषय पर चर्चा हो चुकी है और पार्टी हाईकमान की ओर से भी सहमति मिल गई है। भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी और संगठन मिलकर जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार पर अंतिम फैसला करेंगे। माना जा रहा है कि आगामी कुछ हफ्तों में उत्तराखंड में नए मंत्रियों की नियुक्ति हो सकती है।
सीएम धामी ही रहेंगे चेहरा
महेंद्र भट्ट ने यह भी साफ कर दिया कि 2027 के विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ही लड़े जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने पूरे पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे। पार्टी अपने जनहित के कार्यों के बल पर चुनाव में जाएगी और सरकार के विकास कार्य ही मुख्य मुद्दा होंगे।
नेताओं की बयानबाजी पर चेतावनी
Uttarakhand प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी नेताओं को नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि आपसी मतभेदों को मीडिया में लाने के बजाय पार्टी फोरम पर उठाया जाए। महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि भाजपा संगठन में अनुशासन सर्वोच्च है और अनावश्यक बयानबाजी पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा सकती है।