Yogi का Akhilesh पर निशाना- ‘लड़के हैं.. गलती कर देते हैं, ये अब नहीं चलेगा’

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यानाथ (CM Yogi) ने मुलायम सिंह यादव के रेप पर दिए एक पुराने बयान का हवाला देते हुए अखिलेश पर निशाना साधा।

अप्रैल 2014 में समाजवादी पार्टी के तत्कालीन अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने रेप में फांसी की सज़ा का विरोध करते हुए कहा था कि लड़के हैं…ग़लती हो जाती है।

तब मुरादाबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए मुलायम सिंह यादव ने कहा था, ”लड़कियां पहले दोस्ती करती हैं। लड़के-लड़की में मतभेद हो जाता है। मतभेद होने के बाद उसे रेप का नाम दे देती हैं। लड़कों से ग़लती हो जाती है। क्या रेप केस में फांसी दी जाएगी?”

तब मुलायम सिंह के इस बयान की काफ़ी आलोचना हुई थी। सपा प्रमुख हरेक पार्टी के निशाने पर आ गए थे, जिसका साफतौर पर खामयिजा सपा को भुगतना पड़ा था। मुलायम सिंह के इसी बयान को याद दिलाते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा।

अब अपराधियों की खैर नहीं- सीएम योगी

योगी ने प्रदेश (CM Yogi) में अपराध के मामलों पर अपनी सरकार के रुख़ की तारीफ़ करते हुए कहा, ”अपराध किसी प्रकार हो वह अक्षम्य है। महिला से जुड़े अपराध पर सरकार और सख़्त है। ये भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। यहां अपराधियों के बारे में यह नहीं कहा जाता है कि लड़के हैं ग़लती कर देते हैं। कोई भी अपराधी हो, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष ने ख़ुद स्वीकार किया है कि हम कार्रवाई करते हैं। समाजवादी पार्टी हर उस अपराधी का संरक्षण करती रही है, जो गुंडागर्दी के पर्याय बन गए थे। क़ानून-व्यवस्था में सुधार के कारण ही हम दोबारा सत्ता में आए हैं।”

योगी ने कहा, ”आधी आबादी ने हमें क़ानून-व्यवस्था की सख़्ती के आधार पर ही समर्थन दिया है। सरकार अपराध और अपराधियों के मुद्दे पर बिना किसी के परवाह के बगैर कार्रवाई जारी रखेगी। कोई व्यक्ति सरेआम अपराध करे, यह स्वीकार नहीं किया जाएगा।”

(BY: VANSHIKA SINGH)

Exit mobile version