Delhi Rain: देशभर में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। दिल्ली में रविवार से लगातार बारिश हो रही है, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने Delhi, झारखंड और ओडिशा समेत कई राज्यों में अगले दो दिनों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी राज्यों में भी मानसून का असर तेज हो गया है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं। वहीं, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, अंडमान-निकोबार और पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, देश के मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों तक अगले कई दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश, अलर्ट जारी
Delhi में रविवार, 29 जून से लगातार झमाझम बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए Delhi में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश से दिल्ली का तापमान गिरकर 33 डिग्री सेल्सियस तक आ गया है। इस बार लगातार चौथी बार मानसून जून में ही दिल्ली पहुंचा है, जबकि इसके 8 जुलाई तक पहुंचने की संभावना थी। बारिश ने दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत दी है।
झारखंड, ओडिशा और पहाड़ों में चेतावनी
मौसम विभाग ने 30 जून को झारखंड और ओडिशा के कई हिस्सों में बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 5 जुलाई तक भारी बारिश का अनुमान है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बादल फटने की घटनाएं हुई हैं, वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 5 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहेगा। अंडमान-निकोबार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश की संभावना है।
इन 12 राज्यों में अगले 7 दिन बारिश का जोर
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 7 दिनों में कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल और कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होगी। 2 से 5 जुलाई के बीच पूर्वोत्तर राज्यों में और 3 से 4 जुलाई के दौरान दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी तेज बारिश का अनुमान है।
देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय
मौसम वैज्ञानिक नरेश कुमार ने बताया कि इस समय पूरे देश में मानसून सक्रिय हो चुका है। हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के वे इलाके जहां अब तक बारिश नहीं हुई थी, वहां भी बारिश का असर दिखाई देने लगा है। ओडिशा और झारखंड के लिए खासतौर पर रेड अलर्ट जारी किया गया है। कई जगहों पर बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त होने के भी संकेत मिल रहे हैं।