Milk Price Hike: अमूल और मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। दोनों कंपनियों ने अलग-अलग उत्पादों पर 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक दाम बढ़ाए हैं। नई कीमतें गुरुवार से लागू होंगी। इससे दूध खरीदने वाले ग्राहकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
अमूल के दूध पर बढ़े दाम
अमूल ब्रांड का संचालन करने वाली गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) ने बताया कि अमूल ताजा टोंड मिल्क की कीमत 2 रुपये और अमूल गोल्ड की कीमत 4 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई गई है। इस साल मई में भी कंपनी ने दूध के दाम बढ़ाए थे।
मदर डेयरी का नया रेट
दिल्ली-एनसीआर में मदर डेयरी ने भी दूध की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक इजाफा किया है। कंपनी के मुताबिक, इनपुट और परिचालन लागत लगातार बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया है।
एनसीआर में अब कितनी कीमत
मदर डेयरी के नए दाम के मुताबिक, टोंड दूध (खुला) 58 से बढ़कर 60 रुपये प्रति लीटर हो गया है। फुल क्रीम पैकेट दूध 72 से बढ़कर 76 रुपये, टोंड पैकेट दूध 60 से बढ़कर 62 रुपये और डबल टोंड दूध 54 से बढ़कर 56 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। गाय के दूध की कीमत 62 से बढ़कर 65 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
क्यों बढ़ाए गए दाम
GCMMF के मुताबिक, चारा, पशु आहार, पैकेजिंग और ईंधन की लागत में बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा गुजरात और देश के दूसरे हिस्सों में कम और असमान बारिश के कारण भी दूध उत्पादन प्रभावित हुआ है। इसी वजह से उपभोक्ताओं के लिए कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया गया।
रोज लाखों लीटर बिक्री
मदर डेयरी दिल्ली-एनसीआर में अपने आउटलेट, खुदरा दुकानों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए रोजाना करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है। ऐसे में कीमतों में हुई यह बढ़ोतरी बड़ी संख्या में ग्राहकों के घरेलू बजट को प्रभावित करेगी।
















