अगले 5 दिन सावधान रहें! Delhi समेत 20 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, पहाड़ों में भी खतरा बढ़ा

अगर आप यात्रा की तैयारी में हैं, तो मौसम की चेतावनी ज़रूर जान लें। अगले कुछ दिनों तक दिल्ली समेत 20 से ज्यादा राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी है। पहाड़ों में भूस्खलन और जलभराव का खतरा बढ़ा है।

Delhi

Delhi rain forecast: अगर आप पहाड़ों की सैर का प्लान बना रहे हैं या फिर मैदानी इलाकों में सफर पर निकलने वाले हैं, तो मौसम की ताज़ा चेतावनी पर ध्यान देना जरूरी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देशभर के 20 से अधिक राज्यों में भारी बारिश की आशंका जताई है। उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में अगले 3 दिन तक मूसलाधार बारिश हो सकती है। वहीं Delhi, ओडिशा, मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार, कर्नाटक, तेलंगाना, गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में 30 जुलाई तक रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान तेज हवाओं, भूस्खलन, जलभराव और बिजली गिरने जैसे खतरों को लेकर भी चेतावनी दी गई है।

देशभर में फिर रफ्तार पकड़ता मानसून

मानसून ने एक बार फिर पूरे देश में रफ्तार पकड़ ली है। Delhi -एनसीआर में अगले 7 दिन तक बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, Delhi का न्यूनतम तापमान 25°C और अधिकतम 36°C रह सकता है। ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में 25 जुलाई को भारी वर्षा का अनुमान है। वहीं, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार में 25 से 28 जुलाई के बीच बारिश तेज हो सकती है, जिसमें 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

दक्षिण और पश्चिम भारत भी अलर्ट पर

कर्नाटक के तटीय इलाकों में 25 जुलाई को भारी वर्षा की चेतावनी है, जबकि केरल में 25 से 29 जुलाई तक झमाझम बारिश हो सकती है। तेलंगाना, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में 25 से 27 जुलाई तक बारिश के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। उधर, गोवा, गुजरात और मध्य महाराष्ट्र में 25 से 30 जुलाई तक भारी बारिश का दौर रहेगा। मराठवाड़ा में 25-26 जुलाई और सौराष्ट्र-कच्छ में 26-29 जुलाई के बीच अधिक वर्षा हो सकती है।

उत्तर भारत और पूर्वोत्तर में भी भारी बारिश की आशंका

उत्तर भारत में 27-28 जुलाई को पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी राज्यों में 25 से 30 जुलाई तक लगातार वर्षा के कारण भूस्खलन और रास्ते बंद होने का खतरा बढ़ गया है। साथ ही पंजाब और हरियाणा में भी 27-28 जुलाई को तेज बारिश की चेतावनी दी गई है। पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 5 दिन तक गरज-चमक और भारी बारिश का सिलसिला बना रहेगा, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

बारिश के इन हालातों में लोगों को यात्रा से पहले मौसम अपडेट जरूर देखनी चाहिए। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में जाने वालों को भूस्खलन और सड़कों पर मलबा गिरने से सतर्क रहना चाहिए। मैदानी इलाकों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और बिजली गिरने की घटनाओं को लेकर भी स्थानीय प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।

UP में स्कूलों के विलय पर हाईकोर्ट की रोक, सरकार को तगड़ा झटका

Exit mobile version