Chandrashekhar Azad SP Congress alliance:नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को दिए इंटरव्यू में सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दोनों दल बीजेपी को हराने के लिए गंभीर नहीं हैं। आजाद के मुताबिक, विपक्षी दल 2017, 2019 और 2024 में भी गंभीरता नहीं दिखा पाए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब गरीब और कमजोर लोगों पर अत्याचार होते हैं, तो विपक्ष के बड़े नेताओं को किस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आजम खान की वापसी से बदलेगा गणित
आजम खान की रिहाई को सपा के लिए सिर्फ एक वरिष्ठ नेता की वापसी के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और खासकर रामपुर के आसपास मुस्लिम राजनीति में उनका प्रभाव रहा है। आजम खान की सक्रियता से सपा को अपने पुराने मुस्लिम जनाधार को फिर से एकजुट करने में मदद मिल सकती है। यही वजह है कि ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की राजनीति के सामने भी नई चुनौती खड़ी हो सकती है। ओवैसी मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ बढ़ाने की कोशिश करते रहे हैं, जबकि चंद्रशेखर आजाद दलित और वंचित वर्गों को अपने साथ जोड़ने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
ओवैसी-आजाद गठबंधन पर पड़ेगा असर
12 नवंबर को ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने लखनऊ में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाने का ऐलान किया था। दोनों नेताओं ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही थी। ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को इस मोर्चे का मुख्यमंत्री चेहरा भी घोषित किया था। इस गठबंधन का लक्ष्य दलित और मुस्लिम मतदाताओं के बीच राजनीतिक साझेदारी तैयार करना है। ऐसे में आजाद का सपा-कांग्रेस को साथ आने का न्योता देना अहम है। एक तरफ वह अपने नए मोर्चे को मजबूत विकल्प बता रहे हैं, दूसरी तरफ विपक्षी वोटों के बंटवारे को रोकने की बात भी कर रहे हैं।
सीट बंटवारा है सबसे बड़ी चुनौती
अगर सपा-कांग्रेस और सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के बीच समझौता होता है, तो बीजेपी के सामने विपक्षी वोटों के बिखराव की चुनौती कम हो सकती है। लेकिन सीटों के बंटवारे पर सहमति बनाना आसान नहीं होगा। सपा खुद को यूपी में मुख्य विपक्षी ताकत मानती है, कांग्रेस भी अपनी हिस्सेदारी बढ़ाना चाहती है। वहीं ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने अलग मोर्चा बनाकर चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। यानी आजम खान की वापसी ने सपा की मुस्लिम राजनीति को नई ऊर्जा दी है, लेकिन चंद्रशेखर आजाद का अगला कदम इसी से तय होगा, यह कहना जल्दबाजी होगी।













