Cockroach Janata Party Viral: सोशल मीडिया पर इन दिनों ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम का एक अनोखा अभियान तेजी से चर्चा में है। कुछ ही दिनों में इस इंस्टाग्राम पेज ने लाखों लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। प्लेटफॉर्म पर दिख रहे आंकड़ों के मुताबिक, इस अकाउंट ने 20 मई को 9 मिलियन फॉलोअर्स का आंकड़ा पार कर लिया।
तुलना करें तो Bharatiya Janata Party के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 11.2 मिलियन फॉलोअर्स हैं, जबकि Indian National Congress के अकाउंट पर लगभग 13.2 मिलियन फॉलोअर्स मौजूद हैं। वहीं Aam Aadmi Party के इंस्टाग्राम पेज पर करीब 1.9 मिलियन फॉलोअर्स हैं।
अदालत की टिप्पणी से शुरू हुआ अभियान
इस पूरे अभियान की शुरुआत 16 मई को हुई थी। यह शुरुआत में युवाओं का एक व्यंग्यात्मक ऑनलाइन मूवमेंट था। बताया जा रहा है कि इसकी प्रेरणा देश के मुख्य न्यायाधीश Surya Kant की अदालत में हुई एक टिप्पणी से मिली। इसके अगले दिन इस अभियान का इंस्टाग्राम अकाउंट लॉन्च किया गया। इससे पहले यह ‘X’ प्लेटफॉर्म पर काफी चर्चा में आ चुका था। खुद को “युवाओं का, युवाओं द्वारा और युवाओं के लिए” बताने वाला यह प्लेटफॉर्म बेरोजगारी, पेपर लीक और राजनीतिक जवाबदेही जैसे मुद्दों पर खुलकर बात कर रहा है। यही वजह है कि बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़ते चले गए।
कुछ दिनों में बना बड़ा नाम
अकाउंट लॉन्च होने के बाद इसकी ग्रोथ बेहद तेज रही। खबरों के मुताबिक, सिर्फ 78 घंटे में इसके 30 लाख फॉलोअर्स हो गए थे। वहीं चार दिनों के अंदर यह आंकड़ा 90 लाख के पार पहुंच गया। दिलचस्प बात यह है कि इस अकाउंट पर अब तक केवल 56 पोस्ट ही शेयर की गई हैं। इसके बावजूद यह कई बड़े राजनीतिक संगठनों से आगे निकल गया। दूसरी तरफ बीजेपी के इंस्टाग्राम पेज पर 18 हजार से ज्यादा पोस्ट मौजूद हैं।
इस उपलब्धि के बाद पेज की तरफ से एक पोस्ट भी शेयर की गई, जिसमें लिखा गया, “युवाओं की ताकत को कम मत समझो।”
बीजेपी पर भी साधा निशाना
एक अन्य पोस्ट में इस अभियान ने बीजेपी की संगठनात्मक ताकत पर तंज कसा। पोस्ट में लिखा गया, “उन्होंने कहा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी।” यह अभियान अब सिर्फ इंस्टाग्राम तक सीमित नहीं है। ‘X’ प्लेटफॉर्म पर भी इसके फॉलोअर्स तेजी से बढ़ रहे हैं। 21 मई तक इस अकाउंट के वहां करीब 165.5 हजार फॉलोअर्स हो चुके थे। हालांकि, सदस्य संख्या के हिसाब से बीजेपी अब भी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी मानी जाती है। पार्टी के दुनिया भर में 140 मिलियन से ज्यादा सदस्य बताए जाते हैं और फिलहाल केंद्र में Narendra Modi के नेतृत्व वाली सरकार लगातार तीसरे कार्यकाल में है।
कौन हैं अभिजीत दीपके?
इस डिजिटल अभियान के पीछे 30 वर्षीय Abhijeet Deepke का नाम सामने आया है। अभिजीत काफी पढ़े-लिखे और डिजिटल कम्युनिकेशन के जानकार माने जाते हैं। उन्होंने पुणे से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद वे अमेरिका गए और वहां Boston University से पब्लिक रिलेशंस में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की , अभिजीत पेशे से पॉलिटिकल कम्युनिकेशन स्ट्रैटजिस्ट हैं। वे सोशल मीडिया के जरिए राजनीतिक मुद्दों को लोगों तक पहुंचाने और डिजिटल नैरेटिव तैयार करने में माहिर माने जाते हैं। हालांकि, इतनी बड़ी सफलता के बावजूद उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि वे आज भी नौकरी के लिए आवेदन कर रहे हैं।


