मंडी। भाजपा ने रिवाज बदलने की कवायद के चलते CM के गृह जिला में वरिष्ठ मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर समेत चार विधायकों के टिकट बदल चेहरों को चुनावी मैदान में उतारा है। मुख्यमंत्री के गृह जिला मंडी में ही भाजपा ने अपने वरिष्ठ मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर समेत चार विधायकों के टिकट बदले हैं। छह टिकट में कोई बदलाव नहीं हुआ है। हालांकि भाजपा कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाती रही है। बावजूद इसके सीएम के गृह जिला में महेंद्र सिंह की जगह उनके बेटे रजत पर दाव खेला है। वहीं द्रंग के विधायक जवाहर ठाकुर के बदले कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष पूर्ण ठाकुर को उनके राजनैतिक गुरू कौल सिंह ठाकुर के खिलाफ मैदान में उतारा है।
पूर्व की बगावत के चलते ही 2017 में कौल सिंह को हार का सामना करना पड़ा था। करसोग के दो बार विधायक रहे हीरा लाल को बदलकर संगठन से जुड़े दीपचंद कपूर को मौका दिया है। सरकाघाट के तीन बार विधायक रहे कर्नल इंद्र सिंह को मोरचे से हटा दिया गया है। उनकी जगह संगठन से जुड़े दलीप ठाकुर को अवसर मिला है। दलीप ठाकुर संगठनात्मक जिला सुंदरनगर के अध्यक्ष और एपीएमसी के चेयरमैन रहे हैं।
सराज के सीएम जयराम छठी बार चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। नाचन से विनोद तीसरी बार, बल्ह से इंद्र गांधी तीसरी बार, सदर मंडी से अनिल भाजपा की टिकट पर दूसरी बार, जोगिंद्रनगर में भाजपा से पहली बार प्रकाश राणा, सुंदरनगर से राकेश जम्वाल तीसरी बार चुनावी मैदान में होंगे।