वर्ष 2022 की भले ही विदाई हो चुकी हो लेकिन 2022 बीजेपी के लिए काफी खास रहा। लेकिन 2023 और 2024 अब बीजेपी के लिए खास भी है तो वहीं साथ ही साथ चुनौती पूर्ण भी। अगर भारतीय जनता पार्टी की बात करें तो उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा. असम, और गुजरात जैसे राज्यों के विधानसभा चुनावो में ऐतिहासिक जीत हासिल करते हुए सत्ता में वापसी की। वहीं संगठन के लिहाज से कई बड़े नेता पार्टी के साथ जुड़े।
बात करें साल 2023 की तो यह साल भी अब बीजेपी के लिए काफी अहम होने वाला है। ये साल राजस्थान, मध्य प्रदेश और छतीसगढ़ समेत देश 10 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में विधानसबा चुनाव होने हैं। यह चुनाव बीजेपी के लिए काफी अहम हैं क्योंकि इनके परिणाम अगले साल होने वाले आम चुनावों पर असर डालेंगे।
सरकार और संगठन दोनों के रूप-रंग को बदलने का फैसला
2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सरकार और संगठन दोनों के रूप-रंग को बदलने का फैसला लिया गया है और आने वाले दिनों में इन फैसलों को जमीनी धरातल पर उतारने की तैयारी की जा रही है। इन बदलावों को अमलीजामा पहनाते समय इस वर्ष जम्मू कश्मीर सहित 10 राज्यों में होने वाले विधान सभा चुनावों को भी ध्यान में रखा जाएगा। दरअसल, 2023 में राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, त्रिपुरा, मेघालय, नागालैंड, मिजरोम और जम्मू कश्मीर सहित कुल मिलाकर 10 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेश में विधान सभा चुनाव होना है।
2024 में होने वाले लोक सभा चुनावों के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा आलाकमान सरकार और संगठन दोनों को और ज्यादा युवा, सक्रिय और समावेशी बनाना चाहते हैं। जिसमें ज्यादा से ज्यादा चुनावी एंव महत्वपूर्ण राज्यों के नेताओं को तवज्जो दी जाएगी। बता दें कि, भाजपा राष्ट्रय अध्यक्ष जेपी नड्डा का अध्यक्षीय कार्यकाल भी इसी महीने खत्म हो रहा है। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक भी इसी महीने होनी है। इसलिेए नड्डा के अध्यक्षीय कार्यकाल के 2024 लोक सभा चुनाव तक बढ़ाने की अधिकारिक घोषणा भी जनवरी में ही होने की संभावना है। भाजपा सूत्रो की मानें तो, अगर नड्डा का कार्यकाल बतौर राष्ट्रीय अध्यक्ष बढ़ाया भी जाता है तो भी उनकी टीम में बड़े पैमाने पर बदलाव होना तय है और यह बदलाव पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों से लेकर राज्य के प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों तक भी आना तय है।
मोदी के मंत्रिमंडल में भी हो सकता है फेरबदल
वहीं सरकार के मोर्चे पर भी बड़े पैमाने पर बदलाव की तैयारी की जा रही है। बताया जारहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मकर संक्रांति यानि की 14 जनवरी के बाद कभी भी अपने मंत्रिमंडल में बड़ा फेरबदल कर सकते हैं। यह फेरबदल बदलाव के साथ ही विस्तार वाला भी होगा। बताया जा रहा है कि पिछली बार की तरह ही इस बार भी कोई दिग्गज मंत्रियों की छुट्टी कर नए और युवा सांसदों को सरकार में शामिल किया जा सकता है। संसद के बजट सत्र की तारीख अभी तय नहीं हुई है लेकिन यह बताया जा रहा है कि इस वर्ष संसद का बजट सत्र 30 या 31 जनवरी 2023 को शुरू हो सकता है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री 15 से 30 जनवरी के बीच ही अपने मंत्रिमंडल में बड़ाफेरबदल कर सकते हैं।