Maharajganj News: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर उत्साह का माहौल है। चहुंओर घरों व बाजारों में छठ मइया के गीत गूंजने लगे हैं। कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए, पहिले पहिले हम कइलों छठ मइया बरत तोहार, करिह क्षमा छठि मइया भूल चुक गलती हमार जैसे पारंपरिक गीत गुनगुनाते हुए महिलाएं छठ मइया का प्रसाद तैयार करने में जुट गई हैं। नहाय खाय के साथ छठ पूजा की शुरुआत हो चुकी है। इसकी तैयारियों को लेकर जनपद के विभिन्न नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों ने छठ घाटों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
कठिन त्याग और समर्पण के साथ होती है छठ मइया की पूजा
चार दिन चलने वाले इस पर्व में सूर्य और छठी मैया की पूजा की जाती है। इस दिन रखा जाने वाला व्रत बहुत कठिन माना जाता है, क्योंकि इस व्रत को 36 घंटों तक कठिन नियमों का पालन करते हुए रखा जाता है। यह व्रत संतान के सुखी जीवन की कामना के लिए किया जाता है। पर्व को लेकर शहर से गांव तक (Maharajganj News) चहल पहल बढ़ गई है। घरों में प्रसाद की सामग्री को धुल कर सुखाने व साफ करने का कार्य अंतिम चरण में है। नहाय खाय के साथ व्रत शुरू होने वाले दिन बिना मसाले के कद्दू की सब्जी का सेवन किया जाएगा। पहले दिन महिलाएं सिर धुलकर स्नान करेंगी और नाखून काट कर शरीर को पूरी तरह स्वच्छ बनाएंगी। भोजन भी इतना कम रहेगा कि शरीर पूरी तरह से स्वच्छ रहे।
बुधवार को होगा खरना, निर्जला व्रत रखेंगी महिलाएं
छठ पूजा के दूसरे दिन बुधवार को खरना होगा। इस दिन महिलाएं निर्जला व्रत रखेंगी। शाम को सूखी रोटी व गुड़ की खोर व केला अर्पित कर छठ मइया की पूजा प्रारंभ होगी। तीन दिन तक व्रती महिलाएं कठिन साधना करेंगी। बिस्तर त्याग कर चटाई पर सोएंगी। व्रती महिलाएं (Maharajganj News) उसी कमरे में सोएंगी जहां अर्ध्य के पकवान बनाए जाते हैं। तीसरे दिन महिलाएं सायंकालीन अर्घ्य देंगी। चौथे दिन व्रती महिलाएं व पुरुष भोर में उसी जगह एकत्र होंगे, जहां अस्त होते सूर्य के लिए पूजन किया था। इस दिन महिलाएं उगते सूर्य को अर्घ्य देने से पहले गंगा जल का आचमन करेंगी।
यहां पढ़ें: डूबे को एसडीआरएफ का सहारा, नहीं बच सकी एक जिन्दगी, महाराजगंज में सतर्क व्यवस्था
बाजार और घाटों की बढ़ गई है रौनक
छठ पूजा को खुशनुमा बनाने के लिए बाजार सज गए हैं और श्रद्धालु पूजा के लिए जरूरी सामग्री खरीदने में जुट गए हैं। हर तरफ हर्षोल्लास के बीच छठ पूजा की तैयारी धूमधाम से चल रही है। प्रशासन भी पर्व के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने में जुटा है। नगर के बलिया नाला, घुघली नगर के बैकुंठ घाट, फरेंदा के दुर्गा मंदिर घाट व त्रिमुहानी घाट नगर वार्ड सहित अन्य वार्डों में छठ घाट की सफाई करने में कर्मचारी जुटे रहे।