लखनऊ ऑनलाइन डेस्क। उत्तर प्रदेश के कासगंज में 18 दिन पहले एक सनसनीखेज वारदात सामने आई थी। यहां एक महिला और उसके दो बच्चों के शवों को पुलिस ने बरामद किया था। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने तेहरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया। घटना को मुस्कान नाम की पहली और उसके प्रेमी ने मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों को अरेस्ट करने के साथ ही इस्तेमाल कार, महिला के आभूषण और अन्य सामान्य बरामद कर लिए हैं।
क्या है पूरा मामला
कासगंज के ढोलना थानाक्षेत्र स्थित मारूपपुर रोड के किनारे 19 नवंबर को एक महिला का शव मिला था। मृतका की पहचान उत्तराखंड के रुद्रपुर की आदर्शनगर कॉलोनी निवासी बबीता (35) पुत्री राजकुमार के रूप में हुई थी। बबीता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस को महिला के पति पर शक गहराया तो उसे पकड़ने के लिए दबिश दी, पर वह नहीं मिला। आखिरकार सटीक सूचना पर पुलिस ने महिला के पति अभिषेक निवासी नई बस्ती सहावर और उसकी प्रेमिका मुस्कान निवासी शांतापुरी कॉलोनी, कासगंज को गिरफ्तार कर लिया।
पहले मां को मारा फिर बच्चों की हत्या
एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि आरोपियों ने बबीता की हत्या 18 नवंबर की रात को की और शव फेंक दिया। अगले दिन रात के समय महिला की बड़ी बेटी मानन्या (11) एवं अनन्या (7) वर्ष को गाड़ी में घुमाने के बहाने आरोपी साथ ले गए और दोनों का गला दबाकर हत्या कर शव को अलग-अलग स्थानों पर झाड़ियों में फेंक दिया। एक हत्या सिकंदरपुर इलाके और दूसरी हत्या सहावर क्षेत्र में की गई। दोनों बच्चियों के कंकाल बरामद हुए हैं। पुलिस ने कंकाल के जरिए दोनों की शिनाख्त करवाई और तिहरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
दोनों ने किया था प्रेम विवाह
बबीता की शादी अभिषेक के साथ 2020-21 में हुई थी। फेसबुक के माध्यम से पहले दोनों में दोस्ती हुई फिर प्यार हो गया। इसके बाद दोनों ने दिल्ली स्थित आर्य समाज मंदिर में जाकर शादी कर ली थी। इसके बाद दिल्ली के फाजलपुर मडावली इलाके में रहने लगे थे। मृत महिला बबीता की दो शादियां पहले भी हो चुकी थीं। पहली शादी करीब 12 वर्ष पूर्व हुई थी। यह शादी भी प्रेम विवाह था। पहली शादी के बाद दो पुत्रियां मानन्या व अनन्या का जन्म हुआ। इसके बाद बबीता ने दूसरी शादी कर ली। लेकिन दूसरे पति के साथ कुछ ही दिन रही। इसके बाद तीसरे पति के रूप में उसने अभिषेक से शादी रचाई।
तभी मुस्कान की होती है एंट्री
अभिषेक के साथ बबीता काफी अच्छे से रह रही थी। तभी अभिषेक की जिंदगी में मुस्कान की एंट्री होती है। अभिषेक और मुस्कान शादी करने का प्लान बनाते हैं। तभी दोनों की लव स्टोरी की जानकारी बबीता को हो जाती है। यह बात बबीता को नागवार लगती थी और वह बार-बार अभिषेक पर मुस्कान से चल रहे अवैध संबंध को खत्म करने के लिए दबाव बनाने लगी। लेकिन अभिषेक तरह-तरह के बहाने बनाकर बबीता को साधे रखता था, लेकिन जब बबीता ने ज्यादा प्रतिरोध शुरू किया तो उसने बबीता की हत्या करने की योजना बना ली। वह बबीता को ठिकाने लगाने के मिशन पर जुट जाता है।
इस वजह से बच्चियों को मारा
पुलिस पूछताछ में आरोपी पति ने बताया कि साजिश के तहत 18 नवंबर की रात बबीता को अभिषेक और उसकी प्रेमिका मुस्कान कार से घुमाने के बहाने ले गए और सुनसान जगह पर चाकू और ईंट पत्थर से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने शव ले जाकर मारूपपुर रोड पर सड़क किनारे फेंक दिया। बबीता की हत्या के बाद अभिषेक ने बच्चियों की हत्या की योजना बनाई क्योंकि उसे इस बात का डर था कि बच्चियां मामले का भंडाफोड़ कर सकती हैं। बच्चियों को भी मुस्कान के साथ मिलकर मौत के घाट उतार दिया। हत्याकांड के बाद मुस्कान को लेकर वह दिल्ली चला गया।