Steve Jobs Wife in Mahakumbh: महाकुंभ 2025 में भाग लेने भारत पहुंचीं एप्पल के दिवंगत सह-संस्थापक स्टीव जॉब्स की पत्नी लॉरेन पॉवेल जॉब्स ने भारतीय आध्यात्मिकता के प्रति अपनी गहरी रुचि दिखाते हुए ‘कमला’ नाम अपनाया है जो निरंजनी अखाड़ा के संतों द्वारा दिया गया। इससे पहले उन्होंने वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन किए और बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया।
लॉरेन पॉवेल जॉब्स (Steve Jobs Wife) जो एक परोपकारी और सफल उद्यमी हैं, महाकुंभ से पहले वाराणसी पहुंची। वहां उन्होंने 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन किए और पवित्र स्नान व पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया। भारतीय परंपरा का सम्मान करते हुए उन्होंने गुलाबी रंग का भारतीय परिधान और सिर पर सफेद दुपट्टा धारण किया।
10 दिनों तक कल्पवास का पालन करेंगी लॉरेन
महाकुंभ के दौरान लॉरेन पॉवेल जॉब्स (Steve Jobs Wife in Mahakumbh) अगले 10 दिनों तक कल्पवास का पालन करेंगी। इस दौरान वे सुबह-सुबह पवित्र गंगा में स्नान करेंगी, ध्यान लगाकर मंत्र जाप करेंगी और धर्मग्रंथों का अध्ययन करेंगी। वे पूरी तरह सात्विक खाना खाएंगी जिसमें प्याज, लहसुन और मसालेदार चीजों से परहेज करेंगी। साधारण जीवन जीते हुए वे जमीन पर सोएंगी और तुलसी का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देंगी।
यह भी पढ़े: पौष पूर्णिमा पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, सीएम योगी बोले- ‘दिव्यता और आधुनिकता का अद्भुत संगम’
लॉरेन पॉवेल को क्यों है भारत से लगाव?
लॉरेन पॉवेल जॉब्स एमर्सन कलेक्टिव की संस्थापक, एक प्रतिष्ठित व्यवसायी और परोपकारी व्यक्ति के रूप में जानी जाती हैं। उन्होंने अपने दिवंगत पति स्टीव जॉब्स के साथ 20 साल का समय बिताया और आज भी उनकी यादों को सहेज कर रखती हैं। लॉरेन का जन्म न्यू जर्सी में हुआ था। उनके पिता सैन्य पायलट थे लेकिन उनका निधन तब हुआ जब लॉरेन मात्र तीन साल की थी। लॉरेन ने अपने करियर की शुरुआत वॉल स्ट्रीट से की जिसके बाद वह परोपकार और सामाजिक सुधार के कार्यों में जुट गई।
स्टीव और लॉरेन पहली बार स्टैनफोर्ड ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस में मिले थे। उनका रिश्ता आपसी समझ और गहरे सम्मान की नींव पर टिका था। लॉरेन पॉवेल जॉब्स भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता से बेहद प्रेरित हैं। महाकुंभ जैसे धार्मिक आयोजनों में हिस्सा लेकर वे भारतीय संस्कृति को करीब से समझने और आत्मिक शांति प्राप्त करने का प्रयास करती हैं।