हमीरपुर। ‘जनाब’ आपने शादिया ंतो बहुत देखी होंगी। बैंडबाजे की धुन पर थिरके भी होगे। शादी पार्टी में मन पसंद भोजन भी किया होगा और वर-वधु को नेग और आर्शीवाद भी दिया होगा। लेकिन हम आपको एक ऐसी अनोखी शादी से रूबरू कराने जा रहे हैं, जो इनदिनों बुंदेलखंड में चर्चा का विषय बनी हुई है। ये शादी इंसानों की नहीं बल्कि कुत्ता ( सेवानंद) और कुतिया ( विचित्र कुमारी) की जोड़ी की है। फीमेल डॉगी का घर रोशनी से सराबोर है तो डॉगी के गांव में भी विवाह से पहले आतिशबाजी शुरू हो गई है।
हां लाख जतन के बाद आखिरकार हमीरपुर जनपद के मुस्करा विकासखंड के छानी बांध गांव निवासी कुत्ता सेवानंद और कुतिया विचित्र कुमार की लव स्टोरी सक्सेसफुल होने वाली है। 6 माह पहले कुत्ते की आंख कुतिया से मिली और दोनों के बीच दोस्ती हो गई। कुत्ता अक्सर कुतिया के घर के आसपास चक्कर लगाता। अपने प्रेमी को देख कुतिया भी मुस्कराते हुए बाहर आ जाती। फिर क्या था दोनों एक साथ गांव के बाहर निकल जाते। इंसानों की नजर बचाकर दोनों गुटरगू करते। कुत्ता और कुतिया की आशिकी की खबर ग्रामीणों को हुई तो उन्होंने दोनों की शादी कराने का बीणा उटाया।
अब वह दिन आ गया, जब कुत्ता अपनी प्रियसी कुतिया के साथ हिन्दू रीति-रिवाज के साथ शादी करने जा रहा है। 11 जून यानि बुधवार को इस अनोखी शादी का आयोजन किया जाएगा। सोमवार को मंडप संस्कार किया गया और मंगलवार को मायना संस्कार संपन्न हुआ। इस अनोखी बारात में बड़ी संख्या में लोगों को बुलावा भेजा गया है। करीब पांच सौ लोगों को शादी का कार्ड दिए गए हैं। कूत्ते का नाता श्री श्री 1008 संतोषानंद जी महाराज बाल योगी जूना अखाड़ा से है। जिसकी शादी जिले के गोहांड ब्लॉक के मुशाई मौजा की विचित्र कुमारी (फीमेल डॉग) के साथ की जा रही है।
मेल डॉग के मालिक संतोषानंद जी ने बताया कि उन्होंने अपने पालतू कुत्ते सेवानंद की शादी संतोष मुनि जी की फीमेल डॉग विचित्र कुमारी से एक साल पहले तय की थी। संतोषानंद जी ने बताया कि परिवार की कमी यह दोनों ही पूरा करते हैं। बहुत छोटे से दोनों को पाला गया था। अब जब यह डेढ़ साल के हो गए हैं तो दोनों की शादी बड़े धूमधाम से की जा रही है। डीजे के साथ डांस करते हुए बारात जाएगी और फिर द्वारचार के बाद जयमाल का आयोजन भी होगा। बारातियों के खाने की भी व्यवस्था की जाएगी। संतोषानंद जी ने बताया कि शादी हिन्दू रीति रिवाज के साथ होगी। शादी की सभी रश्में निभाई जा रही हैं।
स्थानीय निवासी सिद्ध राम की मानें तो यह शादी बड़ी अनोखी है, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां श्री श्री 1008 संतोषानंद जी महाराज बाल योगी जूना अखाड़ा के कुत्ते की शादी का समारोह आयोजित हो रहा है। पिछले दो दिन से शादी के कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। विशाल प्रीति भोज भी करवाया गया, जिसमें सारे ग्रामीणों ने भोजन ग्रहण किया है। अब 11 जून को गाजे-बाजे के साथ दूल्हा सेवानंद की बारात जाएगी, जिसमें लगभग 500 से अधिक बाराती शामिल होंगे। 12 तारीख को सेवानंद अपनी दुल्हन विचित्र कुमारी को बड़ी धूमधाम के साथ विदा कर अपने साथ ले आएगा।